spot_img

Mumbai : घर के बाहर फायरिंग के बाद सलमान के पिता ने कहा- चिंता करने की कोई जरूरत नहीं

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास पर रविवार सुबह दो अज्ञात लोगों ने गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। इस घटना के बाद पहली बार सलमान खान के पिता सलीम खान ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है, वो सिर्फ पब्लिसिटी पाना चाहते हैं।

दरअसल, फिल्म अभिनेता सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर किन्हीं अज्ञात लोगों ने रविवार सुबह करीब 4.51 बजे दो लोगों ने फायरिंग की थी। घटना के तुरंत बाद बांद्रा पुलिस, क्राइम ब्रांच और कई पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इलाके की सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर ली है। घटना को लेकर सलमान के पिता सलीम खान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया से कहा कि, “अब कहने को कुछ नहीं है। क्योंकि ऐसी बातें करके वो सिर्फ पब्लिसिटी पाना चाहते हैं। चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।”

सलमान खान के करीबी दोस्त जफर सरेशवाला ने भी एक इंटरव्यू में कहा कि, ‘जब शूटिंग हुई तो सलमान अपने घर पर ही मौजूद थे। उनके परिवार वाले इस घटना से बिल्कुल भी चिंतित नहीं हैं, सलीम खान सुबह की सैर पर भी निकले थे। भाईजान के घर में सब कुछ ठीक है।”

सलमान के घर पर अज्ञात लोगों की फायरिंग के बाद एक फेसबुक पोस्ट इस समय सुर्खियों में है। अनमोल बिश्नोई के नाम के एक अकाउंट ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, इस खाते को फेसबुक पर खोजा नहीं जा सकता। इस खाते पर प्रतिबंध हैं। पुलिस फिलहाल इस अकाउंट की सत्यता की जांच कर रही है। इस बीच बाइक सवारों के फायरिंग करने का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। इसके चलते अब मामले की आगे की जांच एटीएस को सौंप दी गई है। इसके अलावा सलमान के घर के बाहर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

Explore our articles