spot_img

Gorakhpur : जिस नौकर को काम से निकाला, उसी ने की वारदात

गोरखपुर : एक डॉक्टर की पत्नी पर उन्हीं के पुराने कर्मचारी ने शुक्रवार को चाकुओं से हमला कर दिया। जिससे उनकी गर्दन में गंभीर चोटें आई है। मां को बचाने आए बेटे पर भी उसने हमला कर दिया। मां को गर्दन पर तो बेटे को कंधे पर गहरा घाव होते ही दोनों जमीन पर गिरकर तड़पने लगे।

घटना गोरखनाथ पुल के नीचे स्थित समाधान क्लीनिक के डॉक्टर एके सिंह के पत्नी और बेटे के साथ हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। हालांकि,भागते वक्त उसकी तस्वीर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त डॉक्टर एके सिंह अपने घर पर मौजूद नहीं थे। आरोपी के भागने के बाद उनकी पत्नी ने इसकी सूचना पुलिस और अपने डॉक्टर पति को दी।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मां बेटे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और दोनों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस अधीक्षक(शहर) कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि घायल मां-बेटे को इलाज के लिए भेजा गया है। शुरूआती जांच में पुराने विवाद की बात सामने आई है। आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर होगा।

डॉक्टर ने नौकर को काम से निकाल दिया था

दरअसल, गोरखनाथ पुल के नीचे हुमायूंपुर उत्तरी के रहने वाले डॉ.अवधेश कुमार सिंह सरकारी डॉक्टर थे। मौजूदा वक्त में वे रिटायर्ड हो चुके हैं। फिलहाल वे अपने घर पर ही समाधान क्लिनिक चलाते हैं। पुलिस के मुताबिक, तिवारीपुर इलाके के सूरजकुंड माधोपुर का रोहन डॉक्टर के यहां करीब बीते 10 साल से काम करता था। अभी कुछ दिनों पहले डॉक्टर ने उसे काम से हटा दिया था।

प्रसाद देने के बहाने घर पहुंचा था नौकर

शुक्रवार अपराह्न करीब 3 बजे रोहन प्रसाद देने के बहाने डॉ. एके सिंह के घर पहुंचा। उस वक्त डॉक्टर घर पर नहीं थे। उनकी पत्नी कुसुम सिंह और बेटा प्रियांश ही घर पर थे। वो अपने साथ नारियल काटने का चाकू भी लेकर आया था। उसने डॉक्टर की पत्नी से काम के लिए पूछा। उनकी पत्नी ने इस बारे में डॉक्टर साहब से बात करने को कहा।

बेटा बचाने आया तो उसपर भी कर दिया हमला

इसी बात को लेकर रोहन उनकी पत्नी से उलझ गया। उसने डाक्टर की पत्नी के गर्दन पर गड़ासे से हमला कर दिया। उनके चिखने चिल्लाने पर उनका बेटा प्रियांश (23) भी वहां पहुंचा और बीच बचाव करने लगा। लेकिन, उससे रोहन की हाथापाई हुई और उसने प्रियांश पर भी हमला कर दिया। जिसमें उसे भी गंभीर चोटे आई हैं।

Explore our articles