नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) वीके सक्सेना ने रोहिणी स्थित बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न मामले के आरोपित असिस्टेंट प्रोफेसर को निलंबित कर दिया है। एलजी की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल में होने और शहर में व्याप्त प्रशासनिक पंगुता के बावजूद दिल्ली के एलजी ने कथित यौन उत्पीड़न मामले में डॉ. बीएसए अस्पताल में कथित आरोपित सहायक प्रोफेसर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मंजूरी दे दी है।
उल्लेखनीय है कि गत माह मेडिकल कॉलेज की छात्राओं व उनके परिजनों ने आरोपित असिस्टेंट प्रो. डॉ सलीम शेख के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी और प्रदर्शन भी किया था। तब दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने 20 मार्च को पत्र लिखकर उपराज्यपाल से एमबीबीएस छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न के आरोपित प्रोफेसर के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया था।
शनिवार को एलजी सचिवालय द्वारा आरोपित असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ की गई कार्रवाई को लेकर जारी आदेश में लिखा है कि हालांकि इस तरह के मामलों में अनुशासनात्मक कार्रवाई की शुरुआत केवल राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण (एनसीसीएसए) द्वारा ही की जा सकती है, जो कि सक्षम प्राधिकारी है। इसके मुखिया मुख्यमंत्री हैं लेकिन मेडिकल कॉलेज में महिला छात्रों के लिए डराने वाले माहौल का हवाला देते हुए एलजी ने आरोपित सहायक प्रोफेसर के निलंबन को मंजूरी दे दी है।


