spot_img

Dhamtari : कलेक्टर ने सब्जी खरीदकर किसान बाजार का पुन: शुभारंभ किया

कलेक्टर बदलते ही बंद हो गया था किसान बाजार

धमतरी : कलेक्टर नम्रता गांधी की विशेष पहल पर जिले का किसान बाजार पुर्नजीवित हो गया है। कलेक्टर ने 19 फरवरी की सुबह सात बजे किसान बाजार पहुंचकर हटकेशर निवासी सब्जी विक्रेता नीलम पटेल से सब्जी खरीद कर किसान बाजार की शुरुआत की और पहली ग्राहक बनी। कुछ साल पहले कलेक्टर बदलते ही किसान बाजार बंद हो गया था।

शुभारंभ कार्यक्रम का संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि किसी भी योजना की सफलता क्षेत्र की जनता और अधिकारियों की पहल पर निर्भर है। जिलेवासियों की मांग पर इस किसान बाजार को पुनः प्रारंभ किया गया है। इस बाजार में बिना रासायनिक खाद उपयोग के पैदावार का विक्रय किया जायेगा, जिससे हमें शुद्ध व ताजी सब्जियां प्रतिदिन कम कीमत पर प्राप्त होगी। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे धान के बदले अन्य नगदी फसलों एवं फसल विविधता को अपनायें। कार्यक्रम को पूर्व विधायक इंदरचंद चोपड़ा, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष नरेन्द्र रोहरा, सांसद प्रतिनिधि उमेश साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संबोधित किया। पहले दिन जिले के आसपास के 45 लोगों ने अपना पंजीयन कराया और 37 लोगों ने अपनी दुकानें लगायी।

मंडी परिसर का किया अवलोकन

कलेक्टर नम्रता गांधी ने किसान बाजार परिसर का अवलोकन किया और सब्जी बेचने आये विक्रेताओं से चर्चा की। इस दौरान कलेक्टर ने परिसर में स्थापित सोलर कोल्ड स्टोरेज को देखकर इसकी आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने आसामाजिक तत्वों से परिसर में किसी भी प्रकार के नुकसान को रोकने फैंसिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश अधिकारियों को दिये। इसके साथ ही अधिकारियों को परिसर में पार्किंग, पेजयल, बिजली, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने कहा।

पंजीयन एवं प्रशस्ति पत्र वितरित

कार्यक्रम के दौरान किसान बाजार में अपनी सब्जियों के विक्रय हेतु आने वाले किसानों को पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। वहीं पूर्व में किसान बाजार में अपनी उत्कृष्ट सेवायें एवं सहभागिता निभाने वाले किसानों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।

Explore our articles