spot_img

Kanpur : उप्र में गलन बरकरार, कानपुर में दो डिग्री पहुंचा पारा

कानपुर : पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर उत्तर प्रदेश में जबरदस्त पड़ रहा है और न्यूनतम तापमान बराबर नीचे गिर रहा है। इससे फिलहाल गलन में कमी होती नहीं दिखाई दे रही है और पर्याप्त नमी के कारण धुंध व कोहरा भी छाया हुआ है। गुरुवार को तो कानपुर में न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जिससे भीषण गलन से लोग कराह उठे। मौसम विभाग का कहना है कि अभी एक सप्ताह तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा और सिहरन भरी सर्दी पड़ती रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के निचले स्तरों पर बना हुआ है। एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर औसत स्तर से 1.5 किमी से 3.1 किमी ऊपर है। बांग्लादेश के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र 3.1 किलोमीटर तक फैला हुआ है। एक ट्रफ रेखा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक से पूर्वी विदर्भ तक फैली हुई है। एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र मालदीव क्षेत्र पर है। इसके साथ यूरोप और दक्षिण एशिया से आ रही सर्द हवाओं से उत्तर प्रदेश का तापमान लगातार सामान्य से नीचे बना हुआ है। इससे अधिकांश जनपद शीतलहर की चपेट में हैं और आगामी दिनों भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 14.6 और न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 86 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 63 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 2.3 किमी प्रति घंटा रही।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों आसमान साफ रहने के कारण वर्षा की कोई संभावना नहीं है। प्रातःकाल एवं रात्रि के समय शीत लहर के साथ धुंध ,कोहरा छाये रहने के आसार हैं। दोपहर बाद नरम धूप भी निकल सकती है।

Explore our articles