मुंबई : (Mumbai) मुंबई से बेंगलुरु जा रहे स्पाइसजेट एयरलाइंस के विमान (SpiceJet Airlines flight from Mumbai to Bengaluru) के टॉयलेट में एक यात्री दो घंटे तक फंसा रहा। बेंगलुरु में विमान लैंड होने के बाद यात्री को टॉयलेट का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया। इसके बाद यात्री को बेंगलुरु के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया, जहां मेडिकल जांच के बाद उसे छुट्टी दे गई गई।
इस संबंध में एयरलाइंस की ओर से कोई भी अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात को दो बजे मुंबई एयरपोर्ट से स्पाइसजेट के विमान ने बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी। इस बीच सीट 14डी का यात्री टायलेट में गया, लेकिन टायलेट का दरवाजा खराब होने की वजह से अचानक लॉक हो गया। टायलेट में फंसे यात्री ने इसकी जानकारी विमान स्टाफ को दी और स्टाफ ने बाहर से दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा नहीं खुल सका। इसके बाद विमान जब बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लैंड हुआ तो इंजीनियरों ने फ्लाइट के टॉयलेट का दरवाजा तोड़ दिया और दो घंटे की अथक मेहनत के बाद यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला गया।


