Dhamtari : उत्साह के साथ मना गुरु गोविंद सिंह का प्रकाश पर्व

0
160

17 जनवरी को होगा मुख्य समारोह, नगर कीर्तन में शामिल हुए समाजजन

धमतरी : सिख समाज के 10 वें गुरु गोविंद सिंह का प्रकाश पर्व 17 जनवरी को उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। इसके पूर्व 15 जनवरी को शहर में नगर कीर्तन निकला, जिसमें समाज के लोग शामिल हुए।

गुरूसिंग सभा हाल में सोमवार सुबह से ही शबद कीर्तन का दौर शुरू हो गया। 10 बजे से रागी जत्था के कलाकारों ने गुरु के वचनों का संगीत के माध्यम से वर्णन किया। प्रकाश पर्व के अवसर पर शहर में नगर कीर्तन के साथ आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। समाज के युवाओं ने आकर्षक हैरत अंगेज कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। युवाओं ने कटार, तलवार, रस्सी के सहारे कारनामा दिखाया। नगर कीर्तन गुरु सिंह सभा हाल से निकली जो गोल बाजार, मठ मंदिर चौक, कचहरी चौक होते हुए गांधी चौक पहुंची। इसके बाद बनियापारा, शिव चौक, रिसाई पारा, नगर निगम स्कूल, रत्नाबांधा चौक से होते हुए वापस गुरु सिंग सभा हाल पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर पंच प्यारों के सम्मान में समाज की युवतियां सड़क को बुहारते हुए चल रही थी। दिन ढलने के बाद आकर्षक आतिशबाजी भी की गई।

नगर कीर्तन को देखने लोगों की भीड़ लगी रही। सिख समाज के प्रधान जितेन्द्र सिंघ खालसा ने बताया कि गुरूद्वारा में विभिन्न कार्यक्रम हो रहे हैं, जिसमें श्री अखण्ड पाठ, अलसुबह 4.30 बजे से प्रभातफेरी निकली जा रही है जिसमें समाजजन बड़े उत्साह से भाग ले रहे हैं। नगर कीर्तन में प्रमुख रूप से समाज के महिला, पुरुष व बच्चे उपस्थित थे। गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व पर जनप्रतिनिधियों ने समाज के लोगों को बधाई दी।