spot_img

Chennai: तमिलनाडुः परिवहन कर्मियों की राज्यभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल, परिवहन मंत्री की दावा- 95 फीसदी बसें चल रही हैं

चेन्नई:(Chennai) तमिलनाडु राज्य परिवहन निगम कर्मचारियों (Tamil Nadu State Transport Corporation Employees) ने मंगलवार को राज्यभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। राज्य के सबसे प्रमुख त्योहार पोंगल से ठीक पहले निगम कर्मियों की हड़ताल से आम लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि राज्य के परिवहन मंत्री एस शिवशंकर का दावा है कि हड़ताल के बीच 95 फीसदी बसें सामान्य रूप से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि वे हड़ताली कर्मियों से बातचीत के लिए हमेशा तैयार हैं।

तमिलनाडु में परिवहन कर्मचारी संघों ने राज्य सरकार पर उनकी मांगों पर विचार नहीं करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। सोमवार को एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली सरकार के साथ बातचीत असफल रहने के बाद मंगलवार से हड़ताल शुरू की गई।

तमिलनाडु के राज्य परिवहन निगम के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस सहित विभिन्न यूनियनों का गठबंधन सरकार से निगम कर्मियों का वेतन बढ़ाने के लिए 15वें वेतन संशोधन समझौते पर हस्ताक्षर करने, बस चालक व कंडक्टर पदों पर रिक्तियां भरने और सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने की मांग कर रहा है। सीटू नेता ए साउंडराजन के अनुसार, “राज्य सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि परिवहन कर्मचारियों की कोई भी मांग स्वीकार नहीं की जा सकती जो अन्यायपूर्ण और अनुचित रुख है।”

परिवहन कर्मियों की हड़ताल को लेकर राज्य के परिवहन मंत्री एसएस शिवशंकर ने मंगलवार को कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गए हैं कि जनता सरकारी बसों में बिना किसी कठिनाई के यात्रा कर सके। उन्होंने कहा कि सरकार परिवहन यूनियनों के साथ बातचीत के लिए हमेशा तैयार है और वित्तीय स्थिरता के बाद छूट के आधार पर अनुरोध को पूरा करेगी। उन्होंने दावा किया कि हड़ताल के बीच पूरे तमिलनाडु में 95 फीसदी से अधिक बसें चल रही हैं।

इस बीच अन्नाद्रमुक प्रमुख और विपक्ष के नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी ने कर्मचारी संघ द्वारा रखी गई किसी भी मांग को पूरा न करने के लिए द्रमुक सरकार की आलोचना की।

Explore our articles