spot_img

Dhanbad: बाबूलाल मरांडी का दावा, राज्यसभा सीट और 200 करोड़ में हुई सरफराज के इस्तीफे की डील

धनबाद:(Dhanbad) भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी (president Babulal Marandi) ने रविवार को दावा किया कि राज्यसभा सीट और 200 करोड़ में गांडेय विधानसभा सीट से इस्तीफे की डील हुई है। धनबाद में सर्किट हाउस पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के झारखंड आने की खबर है लेकिन अब तक इसकी सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने के बाद मीडिया को उनके आगमन की जानकारी दी जाएगी।

गांडेय विधानसभा सीट से विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफा देने को लेकर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरफराज अहमद के इस्तीफा के लिए 200 करोड़ में हेमंत सोरेन से डील हुई है। यह डील राज्यसभा सदस्य के लिए हुई है। यह चर्चा पूरे झारखंड में सड़कों पर हो रही है। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन का जेल जाना लगभग तय है। इसलिए जिस तरह लालू यादव ने राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाया था। उसी तरह से गिरफ्तारी के बाद हेमंत सोरेन भी पत्नी को मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी में हैं। इसलिए हेमंत सोरेन ने गांडेय विधानसभा सीट को खाली करवाया है। पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाना ही एक मुख्य कारण समझ में आता है, दूसरा कोई भी कारण समझ में नहीं आता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में धनबाद में नए एसएसपी के पदभार ग्रहण के बाद अवैध कोयले कारोबारी और उसमें संलिप्त पुलिस पदाधिकारी पर भी कार्रवाई चल रही है, जिसे लेकर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह अच्छी बात है कि कार्रवाई की जा रही है लेकिन जिनके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए वह नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व एसएसपी संजीव कुमार के ऊपर कार्रवाई के बजाय उनका प्रमोशन कर डीआईजी बना दिया गया। राज्य के मुख्यमंत्री खुद इस राज्य को लूटने में लगे हैं। वह खुद भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उनके संरक्षण में लूट मची हुई है। लोकसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि हमारी तैयारी चल रही है। हर सीट के लिए हम तैयार हैं।

Explore our articles