spot_img

Washington : अमेरिका में एयर शो के बीच दो लड़ाकू विमान टकराए

Washington: Two Fighter Jets Collide During Air Show in the US

चालक दल के चारों सदस्य सुरक्षित, इवेंट रद
वाशिंगटन : (Washington)
अमेरिका के उत्तर पश्चिम क्षेत्र में स्थित इडाहो राज्य में आयोजित गनफाइटर स्काइज (Gunfighter Skies) एयर शो को रद कर दिया गया। हुआ यूं कि माउंटेन होम एयर फोर्स बेस (Mountain Home Air Force Base) पर दूसरे दिन का एयर शो शुरू होने से पहले ही दो अमेरिकी लड़ाकू विमान एक-दूसरे से टकरा गए। इससे दोनों में आग लग गई और वह मलबे में बदल गए। आश्चर्यजनक रूप से दोनों विमानों के चालक दल के सभी चार सदस्य सुरक्षित हैं। चारों समय रहते सुरक्षित रूप से बाहर निकलने में सफल रहे।

सीबीएस न्यूज और एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, चालक दल के चारों सदस्यों की हालत स्थिर है और सैन्य अड्डे पर मौजूद किसी भी दर्शक या नागरिक को चोट नहीं आई है। यह हादसा अमेरिका के स्थानीय समयानुसार रविवार दोपहर लगभग 12:30 हुआ। आसमान में रोमांच का प्रदर्शन कर रहे यह फाइटर जेट (fighter jets) अचानक हवा में एक दूसरे में लिपट कर गिर गए। गिरते ही दोनों में आग लग गई।

अमेरिकी प्रशांत बेड़े की नौसेना वायु सेना की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमयम ने कहा कि यह इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129 (Electronic Attack Squadron 129) के दो अमेरिकी नौसेना के ईए-18जी ग्रोवलर विमान हैं। उन्होंने बताया कि दोनों विमानों के चारों चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से बाहर निकल गए और दुर्घटना की जांच चल रही है।

कमांडर उमयम के अनुसार, ईए-18जी ग्रोवलर (EA-18G Growlers) को व्हिडबे आइलैंड वॉशिंगटन से इलेक्ट्रॉनिक अटैक स्क्वाड्रन 129 में तैनात किया गया था। यूएस नेवी के अनुसार, हर यूनिट की कीमत लगभग 67 मिलियन डॉलर है।

एयर शो की योजना से संबद्ध सिल्वर विंग्स ऑफ इडाहो की मार्केटिंग डायरेक्टर किम साइक्स ने कहा कि सैन्य बेस पर किसी को चोट नहीं आई। सभी लोग सुरक्षित हैं और यही सबसे महत्वपूर्ण बात है। इस सैन्य हवाई अड्डे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद उसे सील कर दिया गया था। साथ ही एयर शो को भी रद कर दिया गया है।

इवेंट के आयोजकों के अनुसार, यह लोकप्रिय एयर शो एविएशन के इतिहास का एक उत्सव है और इसमें आधुनिक सैन्य क्षमताओं की झलक मिलती है। इसमें हवाई प्रदर्शन और पैराशूट जंप भी शामिल हैं। यूएस एयर फ़ोर्स का फ़्लाइट डेमोंस्ट्रेशन स्क्वाड्रन (U.S. Air Force’s flight demonstration squadron), थंडरबर्ड्स, दोनों दिन इस शो का मुख्य आकर्षण रहने वाला था। माउंटेन होम पुलिस ने घोषणा की कि एयर शो रद कर दिया गया है। पुलिस ने जनता को चेतावनी दी कि वह बेस के आसपास जाने से बचे।

Mumbai : बॉक्स ऑफिस पर ‘पति पत्नी और वो दो’ का जलवा, ‘आखिरी सवाल’ पिछड़ी

मुंबई : (Mumbai) आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' (Pati Patni Aur Woh 2) बॉक्स ऑफिस पर...

Explore our articles