राष्ट्रीय महिला आयोग की शी द चेंज मेकर कार्यक्रम के तहत दिया गया प्रशिक्षण
नई दिल्ली : (New Delhi) देश की 500 महिला सरपंच और पंचायत सदस्य शुक्रवार को नए संसद भवन के कामकाज से रूबरू होंगी। राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल शी द चेंज मेकर के तहत देश के 21 राज्यों से चुनी गईं 500 महिलाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा गया है, जिसके पहले सत्र में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला मौजूद रहेंगे।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बताया कि साल 2029 में संसद और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शी द चेंज मेकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। साल 2021 से 161 कार्यक्रमों के तहत 23 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की 5397 महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि पंचायत से पार्लियामेंट तक कार्यक्रम में 500 महिलाएं शुक्रवार को संसद का दौरा करने के लिए तैयार हैं, जहां वे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेंगी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ बातचीत करेंगी।
रेखा शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय महिला आयोग का यह प्रयास रहता है कि महिलाओं को उनके अधिकारों से तो परिचित कराया ही जाए, साथ ही जो जिम्मेदारियां उन्हें उनकी योग्यता के कारण मिली हैं, उन जिम्मेदारियों को वे बेहतर रूप से निभा सकें तथा वे अपने रास्ते में आने वाली समस्याओं का समाधान निकालने में सक्षम बनें। इसी दिशा में यह हमारा एक महत्वपूर्ण कदम है। शी द चेंज मेकर के तहत पंचायत से पार्लियामेंट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें तीन सत्र होंगे।


