spot_img

New Delhi : केजरीवाल पर भाजपा हमलावर, कहा-भ्रष्टाचार के माहिर खिलाड़ी हैं मुख्यमंत्री

नई दिल्ली : (New Delhi) प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate) (ईडी) के समन के बावजूद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के हाजिर नहीं होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उन पर हमलावर है। बुधवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि ‘कट्टर बेईमान’ अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार के माहिर खिलाड़ी हैं। वे जो कभी कहते थे कि भारत से भ्रष्टाचार मिटाना है, अब इतने भ्रष्ट व्यक्ति बन गए हैं कि सोचने लगे हैं कि वे अब कानून से ऊपर है। अरविंद केजरीवाल घबराए हुए हैं और कह रहे हैं ‘लागा चुनरी में दाग छुपाऊं कैसे, क्या है भ्रष्टाचार ईडी के पास जाऊं कैसे’।

गौरव भाटिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल अच्छी तरह से जानते हैं कि वे भ्रष्टाचार में जेल जाएंगे। इसलिए समन से भाग रहे हैं लेकिन कोई भी देश के कानून से ऊपर नहीं हैं। उन्हें देश के कानून पर विश्वास नहीं है। वे भ्रष्टाचार के माहिर खिलाड़ी हैं। नौटंकी है फुल जबावदेही है गुल। फिलहाल, जिसने भी भ्रष्टाचार किया है वो जेल जाएगा। उन्होंने कहा कि आज साढ़े दस महीने हो गए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री को सुप्रीम कोर्ट ने जमानत नहीं दी। तीन महीने हो गए संजय सिंह को कोर्ट ने जमानत नहीं दी। यह दोनों तो कठपुतली हैं, इन्हें अरविंद केजरीवाल चला रहे हैं। किंगपिन है केजरीवाल ।

उन्होंने कहा कि आईएनडीआई गठबंधन भ्रष्टाचार का पर्याय है। हेमंत सोरेन हों या अरविंद केजरीवाल दोनों भ्रष्टाचार करने में नहीं घबराते हैं लेकिन जांच एजेसिंयों के पास जाने से घबराते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 5 राज्यों में चुनाव हैं, इसलिए वे ईडी के सामने पेश नहीं हो सकते । क्योंकि वे एक स्टार प्रचारक हैं जबकि डेटा कहता है कि आम आदमी पार्टी को मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में नोटा से भी कम वोट मिले हैं।

Explore our articles