spot_img

Kathmandu : काठमांडू के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल्स और मल्टीप्लेक्स से क्रिसमस ट्री हटाने का निर्देश

काठमांडू : (Kathmandu) आने वाले क्रिसमस त्यौहार के मद्देनजर शहर के शॉपिंग मॉल और मल्टीप्लेक्स में बनाए गए क्रिसमस ट्री (Christmas trees) को हटाने का निर्देश दिया गया है। काठमांडू महानगरपालिका ने एक निर्देश जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर इन क्रिसमस ट्री को हटाने को कहा है।

काठमांडू महानगरपालिका के मेयर बालेन्द्र शाह ने प्लास्टिक के फूलों से बनाए गए क्रिसमस ट्री से वातावरण पर नकारात्मक असर पड़ने और इस कारण प्रदूषण फैलने की आशंका जताई है। महानगरपालिका की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि यदि 24 घंटे के भीतर क्रिसमस ट्री लगाने वाले शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मॉल्स और मल्टीप्लेक्स ने खुद इसे नहीं हटाया तो महानगरपालिका के कर्मचारी इसे हटा देंगे। साथ ही बयान में यह भी चेतावनी दी गई है कि प्लास्टिक फूलों से बने क्रिसमस ट्री नहीं हटाने पर प्रदूषण फैलाने के आरोप में जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

महानगरपालिका के इस फैसले का जहां अधिकांश लोगों ने स्वागत किया है, वहीं क्रिश्चियन मिशनरी से जुड़े लोगों ने धार्मिक रंग देना शुरू किया है। यूनिफिकेशन चर्च से जुड़े सांसद एकनाथ ढकाल ने महानगरपालिका के मेयर बालेन्द्र शाह पर भेदभाव का आरोप लगाया है। दूसरी तरफ महानगरपालिका के मेयर का कहना है कि इस वर्ष दशहरे से ही काठमांडू महानगरपालिका क्षेत्र में प्लास्टिक के फूलों के बिक्री वितरण पर रोक लगाई गई है। इस वर्ष दीपावली में भी प्लास्टिक की फूलों से सजावट नहीं करने की अपील की गई थी। उसी क्रम में क्रिसमस ट्री हटाने का निर्णय लिया गया है। मेयर शाह ने कहा कि इस निर्णय का धर्म से कोई लेना देना नहीं है। यह पर्यावरण की रक्षा के लिए किया गया है।

Explore our articles