मुंबई : मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने कोरोना कालखंड के दौरान आक्सीजन प्लांट के ठेकेदार रोमिल छेड़ा को बीती रात गिरफ्तार किया है। रोमिल छेड़ा पर प्रासंगिक अनुभव की कमी के बावजूद कथित तौर पर ऑक्सीजन संयंत्र स्थापित करने का कांट्रैक्ट हासिल करने और मुंबई नगर निगम को 6 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। इस मामले की गहन छानबीन मुंबई पुलिस की टीम कर रही है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के प्रदेश उपाध्यक्ष किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस के समक्ष शिकायत कर कोरोना कालखंड में आक्सीजन प्लान्ट का कांट्रैक्ट देने में अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया था। इसी वजह से मुंबई पुलिस की टीम ने इस मामले को दर्ज कर शुक्रवार को देर रात रोमिल छेड़ा को गिरफ्तार किया है।
रोमिल छेड़ा पर आरोप है कि उन्होंने यह कांट्रैक्ट किसी प्रभावशाली राजनेता की सिफारिश से प्राप्त किया है। साथ ही रोमिल छेड़ा ने पिछले पांच वर्षों में तीन दर्जन से अधिक कांट्रैक्ट प्राप्त किए हैं। ऑक्सीजन प्लांट का कांट्रैक्ट रोमिल छेड़ा ने प्राप्त करने के लिए इलाहाबाद की एक कंपनी की पावर ऑफ अटॉर्नी प्राप्त की थी। इन सभी आरोपों की गहन छानबीन मुंबई पुलिस की टीम कर रही है।


