रायबरेली : चार दिन पूर्व हुई 65 लाख रुपये के सोने के जेवरातों की लूट की घटना के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता को दबोच लिया है।आरोपित पीड़ित का रिश्तेदार है और चकमा देने के लिए सर्राफ़ा व्यवसायी के साथ ही था। पुलिस ने उसके पास से आधा किलो के लगभग सोना भी बरामद किया है।
उल्लेखनीय है कि लालगंज कस्बे में अपनी दुकान बंद करके घर जा रहे सर्राफ़ा व्यवसायी गोलू सोनी से असलहे के बल पर लूट हुई थी। इस चर्चित लूटकांड के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही थी।
पुलिस के अनुसार पप्पू सोनी हसवा फतेहपुर का रहने वाला है, लेकिन अपने जीजा सुनील सोनी के यहां बाईपास में रहकर सर्राफा व्यवसाय का काम मंडी में ही करता है। पम्मू सोनी क्रिमिनल व्यक्ति है। वह मर्डर के केस में जेल भी जा चुका है।
पकड़े जाने के पूर्व पम्मू सोनी, लूटकांड के पीड़ित गोलू सोनी के साथ हर वक्त चिपका रहता था और वारदात का खुलासा न होने पर बाजार बंद कराने की भी धमकी देता था। वास्तव में पुलिस को पहले ही किसी रिश्तेदार व परिजन के लूट कांड में शामिल होने का शक था।
पुलिस ने जब गोलू सोनी के रिश्तेदारों और परिजनों की हिस्ट्री तलाशी तो उसमें पम्मू सोनी हिस्ट्रीशीटर निकला। कड़ाई से हुई पूछताछ में उसने सब कुछ कबूल लिया। पम्मू सोनी के लूटकांड की वारदात में शामिल होने के कबूलनामे के बाद पुलिस महकमें में खुशी की लहर दौड़ गई। पुलिसकर्मी रातभर उसकी निशानदेही पर लूट कांड का सोना बरामद करने में लगी रही।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात तक पुलिस ने छापेमारी करते हुए लालगंज सर्राफ़ा मंडी में जिन-जिन सुनारों के यहां पम्मू सोनी ने माल बेचा था उनको भी धर लिया और उनके यहां से लूट कांड का सोना भी बरामद किया। लालगंज कस्बे के सर्राफ़ा मंडी के दुकानदारों ने ही लूट कांड का सोना खरीदा था, जिसमें मुख्य रूप से अनिल, शिव सोनी, विष्णु सोनी, सुनील चौधरी, संजय सोनार आदि शामिल हैं।
गौरतलब है कि गुरुवार को स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पीड़ित गोलू सोनी के घर लालगंज पहुंच कर जहां उसे सांत्वना दी थी, वहीं पुलिस को बुलाकर फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द खुलासा किए जाने का निर्देश दिया था। राज्य मंत्री की फटकार रंग लाई और पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोच लिया है।
पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी के अनुसार मुख्य आरोपी को गिरफ़्तार किया गया है, लूट कांड में शामिल अन्य बदमाशों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।


