मुंबई : पिछले कुछ दिनों से मुंबई में बढ़ते प्रदूषण के कारण मुंबईकरों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है। वायुमंडलीय प्रदूषण के स्तर के कारण श्वसन संबंधी विकार भी बढ़ रहे हैं। इस पृष्ठभूमि में जोगेश्वरी की जहरीला हो रही हवा को मुंबई उपनगर के पालक मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने तत्काल संज्ञान में लिया है। लोढ़ा ने मुंबई मनपा प्रशासन को जोगेश्वरी के जेवीएलआर जंक्शन पर प्रदूषण नियंत्रण मशीनें लगाने का निर्देश दिया है।
जलवायु परिवर्तन मुंबई क्षेत्र सहित मुंबई महानगरीय इलाके की वायु गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। वायु प्रदूषण में वृद्धि हो रही है। जोगेश्वरी पूर्व के मेट्रो फ्लाईओवर पर नए विकास कार्य जोरों पर हैं। इससे जेवीएलआर जंक्शन के इलाके में प्रदूषण काफी बढ़ गया है। पूर्व भाजपा नगरसेवक पंकज यादव के सुझाव पर जेवीएलआर जंक्शन पर प्रदूषण नियंत्रण मशीनें लगाने का निर्देश पालक मंत्री लोढ़ा ने बीएमसी प्रशासन को दिया है।
उपमुख्यमंत्री देवेंद फडणवीस और पालक मंत्री लोढ़ा को पंकज यादव ने अगस्त महीने में पत्र लिखकर इस ओर ध्यान दिलाया था। इसमें जेवीएलआर जंक्शन पर प्रदूषण नियंत्रण मशीन लगाने की भी मांग की गई थी। पूर्व भाजपा नगरसेवक पंकज यादव ने उम्मीद जताई है कि नवंबर के अंत तक यह काम पूरा हो जाएगा और दिसंबर से जोगेश्वरी में वायु प्रदूषण नियंत्रण में आ जाएगा।


