spot_img

Cairo : मिस्र में कई वाहन आपस में टकराए, 32 लोगों की मौत

काहिरा: (Cairo) मिस्र में काहिरा और भूमध्यसागरीय शहर अलेक्जेंड्रिया को जोड़ने वाले राजमार्ग पर बेहेरा गवर्नरेट में दिल दहला देने वाली एक दुर्घटना में 32 लोगों की मौत हो गई। शनिवार सुबह हुई इस दुर्घटना में 63 अन्य लोग घायल भी हुए हैं, जिसमें एक यात्री बस और कई अन्य वाहन शामिल थे। दुर्घटना के बाद कुछ वाहनों में आग भी लग गई।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि दुर्घटना उस समय हुई जब सुबह के समय एक बस ने घने कोहरे के दौरान एक खड़े वाहन में टक्कर मार दी। इसके बाद अन्य वाहन बस से टकरा गए। ऑनलाइन प्रसारित फुटेज में सड़क किनारे कई जले हुए वाहन दिखाई दे रहे हैं और दमकलकर्मी आग बुझा रहे हैं। एक फुटेज में कई वाहनों में आग लगी हुई दिखाई दे रही है और उनसे धुएं का गुबार उठता दिख रहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि दुर्घटनास्थल पर कम से कम 20 एंबुलेंस भेजी गईं। इस दुर्घटना में कम से कम 63 लोग घायल हुए हैं।स्वास्थ्य मंत्री डॉ. खालिद अब्देल गफ्फार ने कहा कि घायलों को वादी अल-नटरुन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को अल-नुबारिया ले जाया गया है।

गौरतलब है कि मिस्र में यातायात टकराव आम हैं। सड़कें अक्सर खराब स्थिति में होती हैं और यातायात के नियमों का अक्सर पालन नहीं किया जाता है।

Explore our articles