spot_img

New Delhi : अंतरिक्ष से लेकर खेलों तक हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा भारत : प्रधानमंत्री

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, मडगांव, गोवा में 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज अंतरिक्ष से लेकर खेलों तक हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। 2036 तक भारत एक दुनिया की प्रमुख आर्थिक शक्ति बन जाएगा और उस समय भारत में ओलंपिक खेलों का आयोजन आसान हो जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां को गिनाते हुए कहा कि पिछली सरकारें खेलों के प्रति पूरी तरह से उदासीन थी, इसलिए पिछले 70 सालों में जो नहीं हुआ वह इन एशियाई खेलों में हुआ जिसमें भारत ने सबसे अधिक पदक जीते हैं।

उन्होंने कहा, “2036 तक भारत प्रमुख आर्थिक शक्तियों में से एक होगा और देश में एक बहुत बड़ा मध्यम वर्ग होगा। अंतरिक्ष से लेकर खेल तक भारत का झंडा होगा, इसलिए ओलंपिक भी तब तक हमारे लिए आसान हो जाएगा।”

प्रधानमंत्री ने खेलों में मिली सफलता को देश की सफलता से जोड़ा और कहा कि भारत आज हर क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसका अंदाजा पिछले 30 दिनों की उपलब्धियां से लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले 30 दिनों में नारी शक्ति अधिनियम अधिनियम पारित किया गया। गगनयान से जुड़ा एक परीक्षण सफलतापूर्वक किया गया। भारत को अपनी पहली क्षेत्रीय रैपिड रेल, नमो भारत मिली। बेंगलुरु मेट्रो का विस्तार किया गया। जम्मू कश्मीर की पहली विस्टाडोम ट्रेन शुरू की गई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा इतना बड़ा देश, फिर भी हम इंटरनेशनल स्पोर्ट्स इवेंट के मेडल टैली में बहुत पीछे रह जाते थे। इसलिए 2014 के बाद हमने देश की इस पीड़ा को राष्ट्रीय संकल्प से दूर करने का बीड़ा उठाया। हम बदलाव लाए। खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, चयन प्रक्रिया, खिलाड़ियों को आर्थिक मदद, उनकी ट्रेनिंग देने के लिए योजनाएं और समाज की मानसिकता सब में बदलाव लाया गया। पिछली सरकारें खेलों के लिए पर्याप्त बजट आवंटित करने के प्रति उदासीन थीं। हमने खेल बजट में वृद्धि की, और इस साल का केंद्रीय खेल बजट नौ साल पहले तीन गुना अधिक है।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों को नौजवान खिलाड़ियों के लिए मजबूत लॉन्च पद बताया और कहा कि यह ऐसे समय में हो रहे हैं जब भारत खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है। उन्होंने कहा कि 70 साल में जो नहीं हुआ वो एशियन गेम्स में हो गया। फिलहाल एशियन पैरा गेम्स चल रहे हैं। इन खेलों में भारतीय एथलीटों ने 70 से अधिक पदक जीते हैं और पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार गोवा को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों, बैठकों और शिखर सम्मेलनों का केंद्र बनाने के लिए काम कर रही है। 2016 में हमने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन किया और जी 20 से जुड़ी कई अहम बैठकें गोवा में हुईं।

उल्लेखनीय है कि गोवा में राष्ट्रीय खेल पहली बार आयोजित हो रहे हैं। ये खेल 26 अक्टूबर से 9 नवंबर तक होंगे। देश भर से 10,000 से अधिक एथलीट 28 स्थानों पर 43 से अधिक खेल विधाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

Explore our articles