Gurugram : कार्यस्थल पर उत्पीडऩ हो तो बेखौफ शिकायत करें महिलाएं : डा. कविता

0
182

पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक दिवसीय वर्कशाप का आयोजन

गुरुग्राम : कार्यस्थल पर उत्पीडऩ के बारे में जागरुक करने के लिए शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक दिवसीय वर्कशाप आयोजित की गई। इस दौरान जानकारी दी गई कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों में बेहद संवेदनशीलता बरती जाती है। अगर कार्यस्थल पर उनका उत्पीडऩ होता है तो महिलाएं बेखौफ होकर शिकायत कर सकती हैं।

महिला विरुद्ध अपराध सहायक पुलिस आयुक्त पूर्व डा. कविता ने गुरुग्राम में कार्यरत महिला पुलिस कर्मचारियों को गुरुग्राम पुलिस की पोश लॉ या प्रोटेक्शन ऑफ वूमेन अगेंस्ट सेक्सयुअल हराशमेंट एक्ट की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगर किसी महिला पुलिस कर्मचारी के साथ उत्पीडऩ होता है तो वह आंतरिक जांच कमेटी के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकती है। आंतरिक कमेटी 90 दिन के अंदर जांच पूरी करने के लिए बाध्य है। इस कमेटी में 50 प्रतिशत सदस्य महिलाओं का होना अनिवार्य है। डा. कविता ने कहा कि समाज में महिलाओं ने अपनी मेहनत के बल पर अहम स्थान बनाया है। वे पुलिस, सेना, मेडिकल, खेल, विज्ञान, कला समेत सभी क्षेत्रों में मजबूती के साथ खड़ी हैं।

डा. कविता ने कहा कि अपने काम को पूरी तल्लीनता के साथ महिलाएं पूरा करती हैं। महिलाओं में काम के प्रति संजिदगी और जज्बा काबिले तारीफ है। फिर भी कई बार कार्य स्थल पर महिलाओं को उत्पीडऩ का शिकार होना पड़ता है। बहुत सी महिलाएं इसका विरोध नहीं कर पाती। वे या तो उत्पीडऩ सहन करती हैं या फिर काम ही छोड़ देती हैं। डा. कविता ने कहा कि कोई भी महिला अपने काम को ना छोड़े। अगर कहीं उत्पीडऩ होता है तो मजबूती से उसकी शिकायत करें। पुलिस उनके साथ है। किसी भी मोड़ पर महिलाओं का शोषण नहीं होने दिया जाएगा। वर्कशाप में सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय सुशीला, सहायक पुलिस आयुक्त सीएडब्ल्यू सुरेंद्र कौर के साथ सभी महिला थानों की प्रबंधक, महिला व पुरुष कर्मचारी उपस्थित रहे।