मीरजापुर : सावन माह के अंतिम रविवार को सुबह से ही अहरौरा पहाड़ पर मां भंडारी देवी के दर्शन-पूजन को श्रद्धालु उमड़ पड़े। 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया।
अहरौरा पहाड़ पर दर्शनार्थी मां भंडारी देवी की अराधना में लीन नजर आए। देर शाम तक घंटा-घड़ियाल और मां के जयकारे से समूचा धाम गूंजता रहा। महिलाओं ने मां को हलवा-पूड़ी का भोग लगाकर विधिवत पूजा-अर्चना की, वहीं पुरुषों ने भी प्रसाद स्वरूप नारियल चुनरी चढ़ाकर अपनी हाजिरी लगाई। मंदिर के बाहर कतार में खड़े भक्त मां का जयकारा लगाते रहे। मंदिर प्रांगण तक जाने के लिए सड़कें ध्वस्त होने के चलते दूरदराज से आए श्रद्धालुओं को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। तमाम दिक्कतों के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था भारी दिखी। दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का जमकर लुत्फ उठाया।
पहाड़ के चारों ओर खिलौने और चाट की दुकानें सजी थी, जहां बच्चों व महिलाओं की भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए थानाध्यक्ष अहरौरा कुमुदशेखर सिंह पुलिस व पीएसी के जवानों के साथ डटे रहे।


