ग्वालपाड़ा (असम) : एसटीएफ-असम के प्रमुख पार्थ सारथी महंत द्वारा आज ग्वालपाड़ा जिले के कृष्णाई में एक स्थान पर नकली भारतीय मुद्रा (एफआईसीएन) के गुप्त सौदे के संबंध में मिले विश्वसनीय स्रोत पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की एक टीम ने सौदे को विफल करने और अपराधियों को पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया।
एसटीएफ का ऑपरेशन दल आज सुबह गुवाहाटी से रवाना हुआ। दोपहर 1 बजे टीम ने एक मारुति ऑल्टो वाहन को रोका जिसका पंजीकरण नंबर एएस 18 एफ 6863 था। गाड़ी में सवार तीन एफआईसीएन डीलरों मोहम्मद अनोवर हुसैन (52), मोहम्मद रफीक अहमद (47) और क्रोवेल मराक (35) को गिरफ्तार किया। तलाशी अभियान के दौरान उक्त वाहन के अंदर 500 मूल्यवर्ग के जाली भारतीय करेंसी के 29 बंडल बरामद किए गए। उनके कब्जे से जाली भारतीय करेंसी, वाहन और चार मोबाइल हैंडसेट बरामद किए गए हैं। सभी पकड़े गए व्यक्तियों और जब्त वस्तुओं को आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए कृष्णाई थाने के ओसी को सौंप दिया गया। आगे की जांच करने के लिए कृष्णाई थाने में एक मामला दर्ज किया गया है।


