जम्मू:(Jammu) पुंछ स्थित बाबा बुड्ढा अमरनाथ यात्रा का पांचवां जत्था मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हो गया।
मंगलवार सुबह बम बम भोले के नारे लगाते हुए भगवती नगर आधार शिविर से कुल 903 श्रद्धालु 20 वाहनों में सवार होकर पुंछ के लिए रवाना हुए। उनमें 628 पुरुष, 270 महिलाएं और 05 बच्चे हैं। बाबा बुड्ढा अमरनाथ का यह मंदिर जम्मू संभाग के सबसे पुराने मंदिरों में से एक है। बाबा बुड्ढा अमरनाथ की यह यात्रा छड़ी मुबारक (पवित्र गदा) के आगमन के साथ ही समाप्त होती है।
पुंछ का यह तीर्थस्थल पुल्सता नदी के किनारे पर स्थित है। यह नदी पवित्र मानी जाती है और श्रद्धालु मंदिर में प्रवेश करने से पहले इस नदी में स्नान करते हैं और उसके बाबा बुड्ढा अमरनाथ के दर्शन करते हैं। 11 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में जम्मू कश्मीर के अलावा बाहरी राज्यों के श्रद्धालु भी बाबा बुड्ढा अमरनाथ रूपी भगवान शिव के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं।


