spot_img

Kanpur : पूर्वी हवाओं से बढ़ा तापमान, बारिश की संभावना

कानपुर : हिमालय की तलहटी पर सक्रिय मानसून की ट्रफ रेखा धीरे- धीरे उत्तर प्रदेश की ओर खिसक रही है। इससे आगामी दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बढ़ गई है और आसमान बादलों से घिरा रहेगा। वहीं पूर्वी हवाओं के चलने से तापमान सामान्य से अधिक रहा, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि निम्न दबाव अब कम चिन्हित हो गया है और एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों पर है। मानसून ट्रफ इस समय अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर चल रही है। अगले 2-3 दिनों के दौरान यह उत्तर दिशा में स्थानांतरित हो जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ को एक ट्रफ के रूप में देखा जा रहा है। इससे उत्तर प्रदेश में स्थानीय स्तर पर बारिश के आसार हैं और आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 34.0 और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 79 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 75 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 5.8 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के आसार हैं। 21 से 23 अगस्त के मध्य तेज हवाओं एवं मेघ गर्जना के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

Explore our articles