कानपुर : स्वरूप नगर थाने की पुलिस ने सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक एवं युवतियों से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए सोमवार को तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने गिरोह के सदस्यों के कब्जे से एक एयर पिस्टल, मोबाइल एवं कई कूटरचित दस्तावेज तथा मुहरें बरामद की है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त मध्य प्रमोद कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरोह में सक्रिय कानपुर नगर फजलगंज थाना क्षेत्र में स्थित गड़रियन पुरवा निवासी हिमांशु शर्मा पुत्र राजू शर्मा, शिवराजपुर थाना क्षेत्र के मोहनतपुर गांव निवासी अंकुर पाल पुत्र अवधेश और काकादेव थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी आदित्य कुमार राजपुर पुत्र स्वर्गीय विजय मनोहर को स्वरूप नगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश शर्मा व उनकी टीम ने गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि आरोपितों के कब्जे से बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज बरामद हुए हैं,जिनका प्रयोग युवक-युवतियों को ठगने के लिए किया जाता था। पुलिस पकड़े गए गिरोह के सदस्यों से पूछताछ करके उनके पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।
डीसीपी ने बताया कि हिमांशु आर्मी का मेजर और अंकुर आर्मी का कैप्टन बनकर बेरोजगार लड़कियों एवं लड़कों को सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर बरगला कर पैसा देने का काम करते हैं। दोनों कॉलेजों के बाहर घूमते रहते हैं और सभी को नौकरी लगवाने का ऑफर दिया करते थे किसी को शक न हो इसलिए अलग-अलग फोन से आर्मी का ब्रिगेडियर बनकर बात करते थे।


