पलवल : रविवार को दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर दिल्ली गेट चौक के पास हादसा हो गया। उत्तरप्रदेश रोडवेज की बस के चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे बस आगे चल रहे ईटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक सहित बस में सवार 30 लोग घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां से 15 की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह उत्तरप्रदेश रोडवेज की बस दिल्ली से आगरा सवारी लेकर जा रही थी, लेकिन जब बस पलवल फ्लाईओवर को क्रॉस करके दिल्ली गेट चौक के अंडर पास पर चढ़ने लगी तो आगे चल रहे ईटों से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। प्रत्यदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि धमाके की आवाज आई और बस में चीख-पुकार मच गई। सैर करने के लिए निकले लोगों व राहगीरों ने घायलों बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सड़क पर चलने वाले राहगीरों ने घटनास्थल पर पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया और घायलों को अस्पताल भिजवाने का काम किया।
वाहनों का इंतजाम करके घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया गया। 15 की हालत नाजुक होने पर चिकित्सों ने उन्हें दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जबकि कुछ स्वयं ही निजी अस्पतालों में अपना इलाज कराने के लिए चले गए। पुलिस ने जब बस के चालक और परिचालक का पता किया तो दोनों को चोटें आई हैं, लेकिन डर के कारण मौके से दोनों फरार हो गए।
शहर थाना प्रभारी तेजपाल ने बताया कि घायल सवारियों के अनुसार, बस चालक की लापरवाही से यह हादसा हुआ है, क्योंकि वह बस को लापरवहीं से चला रहा था। उन्होंने कई बार उससे कहा भी, लेकिन वह नहीं माना। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई और बस आगे चल रहे ट्रैक्टर से जा टकराई। शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
घायलों में आगरा निवासी रवि, गजियाबाद निवासी सुभाष, दिल्ली निवासी रेखा, शेखर व ओपी बत्रा, कन्नौज (उत्तर प्रदेश) निवासी हर्षित, फरीदाबाद निवासी कमला, मोनिका, मोहन देवी व बृजेश, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) निवासी केशव,मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) निवासी सचिदानंद, पलवल निवासी कस्तूरी और बल्लभगढ़ निवासी धर्मवीर व शेखर शामिल है। कुछ घायलों के नाम पता नहीं चल सके।


