जम्मू : गुरुवार को श्रीकैलख ज्योतिष एवं वैदिक ट्रस्ट के प्रधान महंत रोहित शास्त्री एवं ट्रस्ट के सदस्यों ने डायरेक्टर ऑफ स्कूल एजुकेशन जम्मू अशोक कुमार शर्मा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा और आग्रह किया कि जम्मू कश्मीर के स्कूलों में प्रथम कक्षा संस्कृत भाषा अनिवार्य किया जाए। महंत रोहित शास्त्री ने स्वलिखित पुस्तक भेंट की और ट्रस्ट द्वारा देववाणी संस्कृत एवं सामाजिक कार्यों किए जा रहे हैं उनके विषय में अवगत करवाया।
शास्त्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर की भूमि शैव दर्शन का सनातन केंद्र रही है, इसी पावन पवित्र भूमि पर प्रत्यभिज्ञादर्शन के संस्थापक आचार्य अभिनवगुप्त, महाकवि कल्हण, महाकवि विल्हण, एवं अनेक प्राचीन संस्कृत मनीषियों का उद्भव हुआ है। जिन आचार्यों ने अपने कर्मरूपी तप से न केवल भारतवर्ष को अपितु संपूर्ण विश्व को एकता के सूत्र में पिरोने का मार्ग प्रशस्त किया था, वही पुण्यसलिला जम्मू-कश्मीर वसुंधरा आज संस्कृत से विलुप्त होती जा रही थी पर जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के आने से देववाणी संस्कृत को काफी बड़ावा मिला है। अगर सरकार हमारी इन मांगों को पूरा करें तो संस्कृत सेवियों का मनोबल बढ़ेगा और ऐसे प्रयासों से प्रदेश में विलुप्त हुए संस्कृत धर्म-दर्शन की पुनर्प्रतिष्ठा सम्भव है।


