प्रयागराज:(Prayagraj) विद्या भारती से सम्बद्ध समस्त विद्यालयों ज्वाला देवी इण्टर कालेज सिविल लाइंस एवं रसूलाबाद, रानी रेवती देवी राजापुर, माधव ज्ञान केन्द्र इण्टर कालेज नैनी आदि विद्यालयों में मंगलवार को 77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़े धूमधाम से मनाया गया।
सिविल लाइन्स स्थित ज्वाला देवी इण्टर कॉलेज में मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि आज हम सभी आजादी की अमृत महोत्सव मना रहे हैं। हमारे महान स्वतन्त्रता सेनानियों के कड़ी मेहनत और संघर्ष के पश्चात् ही भारत को पूर्ण स्वाधीनता मिली है और कुछ लोग इस स्वतंत्रता को अपना अधिकार समझकर इसका दुरुपयोग करते हैं। ऐसे लोगो को इस बात का भी ज्ञान होना चाहिए कि अधिकार एवं कर्तव्य एक ही गाड़ी के दो पहिये हैं जो कि एक-दूसरे के बिना पूर्ण नहीं है।
इसके पूर्व विशिष्ट अतिथि व्यवसायी दिलीप चौरसिया व विद्यालय अध्यक्ष च्वयन भार्गव एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ संजय सिंह प्रबन्धक ने ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहें डॉ संजय सिंह ने कहा कि स्वाधीनता का ठीक प्रकार से पालन तभी हो सकता है, जब हम ठीक प्रकार से शिक्षा ग्रहण करके देश के प्रति सम्मान एवं समर्पण का भाव रखें। विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम बहादुर सिंह परिहार ने कहा कि आजादी कहने को सिर्फ एक शब्द हैं लेकिन इसकी भव्यता को कोई भी शब्दो में नहीं बांध सकता। आजादी का अर्थ है कि विकास के पथ पर आगे बढ़कर देश और समाज को ऐसी दिशा देना जिससे की हमारे देश की सोंधी खुशबू चारों ओर फैल सके।
इसी प्रकार रानी रेवती देवी इण्टर कॉलेज राजापुर में मुख्य अतिथि एडिशनल साॅलीसिटर जनरल शशि प्रकाश सिंह ने ध्वजारोहण किया। प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने बच्चों को ध्वजारोहण का तात्पर्य समझाते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज गंगापुरी रसूलाबाद में प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र तथा माधव ज्ञान केन्द्र इण्टर कॉलेज नैनी में में प्रधानाचार्य डॉ विन्ध्यवासिनी प्रसाद त्रिपाठी की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया गया। तत्पश्चात समस्त विद्यालयों में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


