आरोपित युवक फरार, तलाश में जुटी पुलिस
पीड़ित की मां ने जान-माल के रक्षा की लगाई गुहार
मीरजापुर : शक्ति धाम विंध्याचल में इन दिनों दबंगों का बोलबाला है। शनिवार को ऐसा ही मामला देखने को मिला। मारपीट का बकायदा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। हालांकि यह वीडियो गत दिन हुए मारपीट का है। वीडियो में पक्का घाट निवासी मंगल अपने सामने के दुकानदार आकाश वर्मा को साथियों के साथ पीट रहा है। जबकि उसकी मां अपने बेटे को बचाने में लगी है। कोई घूसा चला रहा है तो कोई डंडे से मार रहा है।
दरअसल, गंगा स्नान कर आने वाले दर्शनार्थियों को दुकानदार अपनी दुकानों पर आने के लिए आमंत्रित करते हैं। इसी बात को लेकर मंगल ने आकाश पर अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। दबंग की गुंडागर्दी और धमकी से भयभीत मां मीरा देवी ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जान-माल के रक्षा की गुहार लगाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़ित का मेडिकल कराया। वहीं आरोपित मंगल वर्मा फरार चल रहा है।
विंध्याचल धाम चैकी प्रभारी दयाशंकर ओझा ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। क्षेत्राधिकारी नगर परमानंद कुशवाहा ने बताया कि मारपीट वाले दिन ही मामला दर्ज कर लिया गया था। आरोपित की तलाश की जा रही है।


