spot_img

Jhansi : यूरोप दे रहा एजुकेशन, एक्सपीरियंस एण्ड इमोशन पर आधारित पर्यटन को बढ़ावा : प्रो.फ्लाविया

झांसी : बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन संस्थान में इटली के मेसेराटा विश्वविद्यालय से आई प्रो.फ्लाविया स्टारा ने पर्यटन एवं होटल प्रबंधन विषय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पर्यटन के बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने विश्वव्यापी कोरोना महामारी के बाद वैश्विक स्तर पर प्रभावित हुए पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग के पुनर्गठन एवं विकास के संभावनाओं पर विस्तृत रूप से चर्चा की। प्रो. फ्लाविया ने बताया कि सम्पूर्ण यूरोप ई ई ई -एजुकेशन, एक्सपीरियंस एण्ड इमोशन पर आधारित पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है।

उन्होंने बताया कि भारतीय परिदृश्य में पर्यटन उद्योग के विकास के क्रम में उन्होंने स्थानीय घरेलू पर्यटकों पर केंद्रित योजनाओं पर बल दिया साथ ही ऐतिहासिक स्थलों व धरोहरों के प्रचार प्रसार में लोक कथाओं व कहानियों की भूमिका सहित यातायात व्यवस्था के विकास को पर्यटकों से संवेदनात्मक रूप से जुड़ाव हेतु अनिवार्यता बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीयू के कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने कहा कि इसप्रकार के अंतराष्ट्रीय शिक्षाविदों के साथ संवाद करने से हमारे छात्रों को वैश्विक स्तर पर चल रहे क्रियाकलापों का अनुभव प्राप्त होता है, जोकि उनके समेकित विकास को बढ़ावा देती है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. कुमार आशुतोष ने छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि पर्यटन व होटल प्रबंधन के व्यवसाय में लगभग नब्बे प्रतिशत अतिथि व पर्यटक विदेशी होते हैं, ऐसे इस प्रकार के विदेशी शिक्षाविदों से प्राप्त अनुभव भविष्य में काम आते हैं।

आईटीएचएम के निदेशक प्रो. सुनील काबिया ने बताया कि पर्यटन एवं होटल प्रबंधन के छात्र-छात्राओं व शोधार्थियों को अपने मानकों को अब वैश्विक स्तर पर ले जाकर अध्ययन व शोध करने की आवश्यकता है, क्योंकि तकनीकी विकास के क्रम में अब दुनिया सिमटती जा रही है। ऐसे में भविष्य में ऐसे नागरिकों की आवश्यकता होगी, जिन्हें देश दुनिया की जानकारी हो।

इसी क्रम में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय व गौरी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में प्रो.फ्लाविया स्टारा, कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय व अन्य अतिथियों द्वारा आईटीएचएम परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। प्रो. देवेश निगम ने आभार एवं आस्था सिंह व अभिषेक जोशी ने संचालन किया। आईटीएचएम में छात्रों को सम्बोधित करने के पश्चात प्रो. फ्लाविया स्टारा ने विश्वविद्यालय में स्थापित मीडिया लैब, इनोवेशन सेंटर, बॉयोमेडिकल विभाग व इन्क्यूबेशन सेंटर को देखा व विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों व शोधार्थियों को दी जाने वाली उच्च गुणवत्ता से परिपूर्ण सुविधाओं की सराहना की।

Explore our articles