कानपुर : कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पनकी रोड स्थित एक घर में सोमवार की शाम अचानक विस्फोट होने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज धमाके से घर में धुआ से अंधेरा छा गया। धमाके की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल पर अग्निशमन दल एवं बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम विजय ढुल ने बताया कि कल्याणपुर के पनकी रोड चौकी क्षेत्र में रहने वाली मानसी नाम की महिला के घर में सोमवार शाम अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके से उसके घर में धुंआ भर गया और वह चीखती हुई किसी तरह घर के बाहर आकर गिर गई। उसके दोनों पैर जख्मी हो गए हैं। घटना की सूचना पर कल्याणपुर थाने की पुलिस टीम और अग्निशमन दल दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। घटना की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते की टीम भी पहुंची और जांच कर रही है।
पूछताछ के दौरान मानसी ने बताया कि वह अपने घर की सफाई कर रही थी। इस दौरान एक बोरी को कमरे से लेकर बाहर निकल रही थी कि अचानक विस्फोट हो गया और वह घायल हो गई। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कोई विस्फोटक पदार्थ रहा होगा। लेकिन जब तक जांच नहीं हो जाती, तब तक कुछ कहना ठीक नहीं है। महिला का कहना है कि उसके घर में कुछ लोग किराए का कमरा लेकर बीते कुछ दिनों से रह रहे हैं।


