भिवंडी : भिवंडी कल्याण रोड से गणेश सोसायटी तक आने वाली सड़क अनगिनत गढ्ढों के कारण इन दिनों बारिश की वजह से कीचड़ से सन कर खस्ताहाल हो गई है। वहीं सड़क के बगल में पड़ा कचरा सड़कर बजबजा रहा है। जिस पर जन हथेली पर लेकर स्थानीय छात्र व राहगीर यात्रा करने को मजबूर है। इसी इलाके में स्थित स्वामी विवेकानंद विद्यालय द्वारा बार-बार सड़क की मरम्मत की मांग किए जाने के बावजूद अधिकारियों के कान में जूं नहीं रेंग रहा है। न सड़क की मरम्मत की जा रही और न ही प्रशासन द्वारा कचरा हटाया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बना हुआ है।
मनपा आयुक्त को दिए ज्ञापन में स्वामी विवेकानंद विद्यालय ने बताया है कि कल्याण रोड से गणेश सोसायटी व गोविंद नगर जाने वाली सड़क पिछले दो वर्षो से खोद कर छोड़ दिया गया है। बारिश के कारण यह सड़क खतरनाक हो गई है। सड़क पर हुए गढ्ढे में पानी भर गया है। विगत कई वर्षो से इस सड़क की मरम्मत ना होने से बरसात के कारण गोविंद नगर, स्वामी विवेकानंद विद्यालय के पास एवं मार्कण्डेय मंदिर, कल्याण रोड जाने वाली सड़क व काशिकर रेसीडेंसी सहित राहुल होटल के सामने की सड़क खस्ताहाल है। सड़क पर अनगिनत बड़े-बड़े गढ्ढे हो गए है। जिसमें बारिश के बाद से कीचड़युक्त पानी भर गया है। जिस पर वाहनों के पलटने तथा दूसरे वाहनों का आपस में टकराने का खतरा बना हुआ है।
इतना ही नही कीचड़युक्त सड़क के बगल में ही कचरे का अंबार लगा हुआ है, जिसके कारण यात्रियों सहित विद्यार्थियों को इस मार्ग से आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।आलम यह है कि अगर खड्डों के कारण वाहन पलटी होता है, तो विद्यार्थियों की जान का भी खतरा बना रहता है। स्वामी विवेकानंद इंग्लिश स्कूल एंड जूनियर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने स्कूल के आस-पास की सभी सड़कों की मरम्मत तथा डांबरीकरण करने की मांग की है। इसके साथ ही चेतावनी भी दी है की अगर इन खड्डों के कारण किसी विद्यार्थी की जीव को कोई नुकसान पहुंचा तो उसकी जवाबदार भिवंडी मनपा होगी। इस संदर्भ में बात करने के लिए प्रभाग समिति दो के प्रभारी प्रभाग अधिकारी फैसल तातली से संपर्क करने की कोशिश की गई।लेकिन उन्होंने कॉल उठा कर बात करने की जहमत नहीं उठाई। जबकि स्थानीय रहवासी अब्दुल गनी खान ने बताया कि इस रोड को दो वर्ष पहले ड्रेनेज लाइन डालने के लिए ईगल इंफ्रास्ट्राचर द्वारा खोदा गया था।जिसे आज तक बनाया नहीं गया।



