spot_img

Begusarai: विश्वविद्यालय सहित अन्य मुद्दों को लेकर राज्यपाल से मिला एआईएसएफ का प्रतिनिधिमंडल

बेगूसराय:(Begusarai) बेगूसराय में राष्ट्रकवि दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना एवं शिक्षकों की मांग पूरी करने सहित शिक्षा से जुड़े अन्य मुद्दे को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सचिव अमीन हमजा के नेतृत्व में राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर से मिलकर ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन के माध्यम से बेगूसराय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना करने, आंदोलन कर रहे शिक्षकों की मांग पूरी करने, विश्वविद्यालयों में शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और पुस्तकालय कर्मचारियों के रिक्त पदों पर बहाली, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में स्नातक-स्नातकोत्तर में छात्रों के आवेदन के हिसाब से सीट बढ़ाकर नामांकन की गारंटी करने की मांग की गई। इसके साथ ही ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय का दूरस्थ शिक्षा अविलंब शुरू करने एवं छात्र कल्याण अध्यक्ष को बर्खास्त करने, बीएन मंडल विश्वविद्यालय मधेपुरा के पैट उत्तीर्ण छात्रों का पीएचडी में रिक्त सीट पर नामांकन लेने, जीडी कॉलेज में बंद बड़े ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के विस्तार केंद्र में विश्वविद्यालय संबंधी कामकाज शुरू करने सहित विभिन्न मांगों को रखा गया।

अमीन हमजा ने बताया कि सभी मांगों को सुनने के बाद राज्यपाल ने पूरा करने का आश्वासन भी दिया है। हमजा ने कहा कि बिहार के सभी विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक अराजकता का माहौल है, शिक्षा का स्तर दिन-ब-दिन गिरता जा रहा है। नियमित वर्ग संचालन कर कोर्स पूरा करने में सभी विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय पूरी तरह से विफल है।

कैंपस नामांकन, फॉर्म भरने और डिग्री बांटने का अड्डा बन कर रह गया है। दशकों से शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और लाइब्रेरियन की बहाली पूरी तरह से ठप है। इन सारे सवालों से राज्यपाल को अवगत करा दिया गया है। अगर यह मांगे पूरी नहीं होती है तो हमारा संगठन राजभवन पर प्रदर्शन करेगा।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल बेगूसराय जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार ने कहा कि बिहार के सभी विश्वविद्यालय में हर साल रिजल्ट में भारी गड़बड़ियां होती है। बच्चे विश्वविद्यालय में टपला खाते हैं, उनका भारी आर्थिक दोहन शोषण होता है। बेगूसराय जीडी कॉलेज में मौजूद ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय का विस्तार केंद्र हाथी का दांत साबित हो रहा है।

हमलोगों ने राज्यपाल से अपील किया कि इसके लिए राजभवन से स्पेशल नोटिफिकेशन जारी हो। जिससे विश्वविद्यालय के विस्तार केंद्र में विश्वविद्यालय संबंधी कामकाज हो सके। वर्षों पूर्व जीडी कॉलेज में खोले गए विस्तार केंद्र में कोई कार्य नहीं होता है। छोटे-छोटे कार्यों के लिए छात्र-छात्राओं का एक सौ किलोमीटर से अधिक दूर दरभंगा का चक्कर लगाना पड़ता है।

Explore our articles