चार दिनों से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं: उपायुक्त
नूंह/गुरुग्राम : मेवात में हिंसा व आगजनी के बाद अब आम जनजीवन पटरी पर लौट रहा है। पिछले चार दिनों से जिला में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। इंटरनेट सेवाओं की बहाली को लेकर जिला प्रशासन इंटेलिजेंस रिपोर्ट के आधार पर समीक्षा कर रहा है। जल्द ही इंटरनेट बहाली हो सकती है।
नूंह के उपायुक्त प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान दी जानकारी में बताया कि हिंसा से प्रभावित लोगों के लिए हरियाणा सरकार ने क्षतिपूर्ति पोर्टल शुरू किया है जिसके तहत लोगों को राहत दी जाएगी। वहीं एसपी नरेंद्र सिंह बिजारणिया ने आरोपियों के खिलाफ हुई कार्रवाई की जानकारी दी।
क्षेत्र में शांति बहाली की प्रक्रिया के तहत जिला प्रशासन ने जिला की विभिन्न क्षेत्रों की पीस कमेटी के साथ बैठकें की हैं जिसमें सभी पक्ष के लोगों ने क्षेत्र में तनाव पैदा न होने का भरोसा दिया है। नरेंद्र सिंह बिजारणिया ने बताया हिंसा के मामले में अब तक 55 एफआईआर दर्ज की गई है और 141 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
जिला उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दिशा निर्देशानुसार कर्फ्यू समाप्त होने के उपरांत जिला में चलने वाली कंपनियों को जिला प्रशासन की टीम द्वारा पूर्णतया संरक्षण दिया जाएगा। जिला प्रशासन की अगुवाई में श्रम विभाग के पदाधिकारियों द्वारा आज मेवात चेंबर ऑफ कॉमर्स इंडस्ट्री सहित अन्य उद्योगपतियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जिला में हालात सामान्य हैं और शांति बहाली की प्रक्रिया में व्यवधान डालने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
एसपी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए क्राइम टीम, एसटीएफ, हरियाणा पुलिस के टीमें निरंतर फील्ड में काम कर रही हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से किसी प्रकार की फेक न्यूज, अफवाह या भडक़ाऊ भाषण आदि न फैले इसके लिए निरन्तर सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पैरामिलिट्री फोर्स व पुलिस की टीमों द्वारा फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। एसपी ने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।


