आवास में घुसकर एक दर्जन से ज्यादा हमलावरों ने लाठी-डंडों से मारा-पीटा
वाराणसी : रोहनिया क्षेत्र के मड़ाव में शुक्रवार को पुरानी रंजिश में कैंट स्टेशन पर तैनात चीफ टिकट इंस्पेक्टर और उसके बीएचयू कर्मी दो सगे भाइयों को दंबगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। आरोप है कि बीच-बचाव करने आई घर की महिलाओं संग भी मारपीट की गई। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। सूचना पर एसीपी रोहनिया संग कई थानों की फोर्स पहुंच गई।
कैंट स्टेशन पर तैनात चीफ टिकट इंस्पेक्टर हरिशंकर शर्मा और उनके भाई जमुना प्रसाद शर्मा, वीरेंद्र शर्मा , शिवशंकर शर्मा सुबह अपने घर में बैठे थे। इसी बीच एक दर्जन हमलावरों ने लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पर धावा बोल दिया। जब तक लोग समझ पाते तब तक हरिशंकर शर्मा, जमुना प्रसाद शर्मा, वीरेंद्र शर्मा व शिव शंकर शर्मा का सिर फट गया। बीच-बचाव करने आई घर की महिलाओं के साथ भी दंबगों ने दुर्व्यवहार किया। महिलाओं की चीख पुकार सुन कर भागे हमलावरों में से एक हमलावर का मोबाइल घटनास्थल पर ही गिर गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि गांव का वर्तमान प्रधान भी हमलावरों में शामिल रहा। पुरानी रंजिश के चलते वह पहले भी बीएचयू हॉस्पिटल में तैनात जमुना प्रसाद शर्मा पर हमला कर चुका है। पुलिस में शिकायत पर आरोपित प्रधान ने भविष्य में ऐसी गलती न करने का माफीनामा भी दिया था। पीड़ित पक्ष ने हमलावरों के खिलाफ तहरीर भी दिया है। एसीपी रोहनिया विदूष सक्सेना ने बताया कि हमले की फुटेज प्राप्त हो गई है, हमलावरों पर सख्त कार्रवाई होगी।


