छूटे बच्चों व महिलाओं को लगेंगे टीके, पहले चरण की शुरुआत सात अगस्त से
मीरजापुर:(Mirzapur) सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 के पहले चरण की शुरुआत सात अगस्त को मंडलीय चिकित्सालय से की जाएगी। मोर्चाघर स्थित कार्यालय सभागार में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सीएल वर्मा ने बताया कि टीकाकरण के लिए प्रचार-प्रसार भी होगा।
नोडल अधिकारी डा. अनिल ओझा ने गुरूवार को बताया कि अभियान के तहत टीकाकरण से छूटे बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों व स्वास्थ्यकर्मियों को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। सात अगस्त से प्रथम चरण की शुरुआत होगी। इसके बाद दूसरा चरण 11 सितम्बर से एवं तीसरा और अंतिम चरण नौ अक्तूबर से प्रारंभ होगा। अभियान के तहत लगभग 63487 बच्चों व 25478 गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण से आच्छादित किया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से 2126 स्थानों पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई हैं। बच्चों को बीसीजी, ओपीबी, एपेंटावाइलेंट एरोटावायरस एआईपीबी और एमआरटी के टीके लगाए जाएंगे। इसके अलावा ओआरएस और जिंक टेबलेट का वितरण भी किया जाएगा।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी के अनुसार सभी ब्लॉकों में जो बच्चे टीकाकरण से वंचित रह गए हैं। उनका चिह्नीकरण स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से किया जाएगा। इसके बाद कार्ययोजना बनाकर सघन मिशन इंद्रधनुष अभियान 5.0 का संचालन किया जाएगा।
अपर शोध अधिकारी आरके राय ने बताया कि टीकाकरण अभियान से पहले स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 24, 25 एवं 26 जुलाई को सर्वे का कार्य पूर्ण कर लिया है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है।


