हरिद्वार: (Haridwar) हरियाणा के मेवात में मंदिरों पर जाते हुए श्रद्धालुओं पर जानलेवा हमले के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में चंद्राचार्य चौक पर एकत्र होकर हिन्दू धार्मिक यात्रा पर हुए जिहादी क्रूरता के विरोध में जिहाद का पुतला फूंका।
आक्रोश प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के प्रांत संयोजक अनुज वालिया ने कहा कि श्रावण में प्रतिवर्ष किसी भी सोमवार पर मेवात के अंदर भगवान शंकर का आशीर्वाद लेने के लिए महाभारत कालीन पांच मंदिरों में श्रद्धालु जाते हैं। यात्रा के दौरान उपद्रवियाें द्वारा श्रद्धालुओं पर गोलियां और पत्थर बरसाने तथा आगजनी की घटना सोची समझी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि दंगाइयों ने कारों, बसों और अन्य वाहनों को आग लगायी और जो सामने दिखा उन पर गोलियां बरसाईं। इस घटना से मेवात मानो मिनी पाकिस्तान बन गया है। जगह-जगह यात्री घिरे पड़े हैं। मंदिरों में और चौकियों पर भी हमले किए जा रहे हैं।
बजरंग दल प्रांत बलोपासना प्रमुख सौरभ चौहान ने आरोप लगाया कि इस घटना के जिम्मेदार वे लोग हैं जो इन दंगाइयों को भड़काते हैं। उनके भड़काने के कारण से ही, मुहर्रम व रामनवमी पर हमले होते हैं। यह घटना गंभीर आत्मविश्लेषण का विषय है। प्रांत सुरक्षा प्रमुख नवीन तेश्वर ने कहा कि यह दुष्कृत्य किसी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में एकत्र कार्यकर्ताओं ने हिन्दू धार्मिक यात्रा पर हुए क्रूर हमले के विरोध में जिहादी क्रूरता के विरुद्ध धरना प्रदर्शन कर जिहाद का पुतला जलाया।
प्रदर्शन करने वालाें में जीवेंद्र तोमर जिला संयोजक बजरंग दल, अमित मुल्तानिया, रोहित शास्त्री, शिवम बिष्ट, अंगद सक्सेना, अक्षय शर्मा, अतुल चौहान, गोपाल भारद्वाज, कार्तिक दिवाकर, बबलेश चौहान के साथ विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


