spot_img

Fatehabad: फतेहाबाद पुलिस ने पकड़ी महिला तस्कर, पति फरार

फतेहाबाद:(Fatehabad) नशा बेचने का अवैध धंधा करने वालों की धरपकड़ करते हुए फतेहाबाद पुलिस टीम ने उधम सिंह कालोनी स्थित एक मकान में छापेमारी कर एक महिला को एक किलो 120 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। महिला और उसके पति दोनों अफीम बेचने का काम करते हैं। पति अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने दम्पति के खिलाफ थाना शहर फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

एंटी नारकोटिक सैल फतेहाबाद पुलिस को सूचना मिली कि सुखजिन्द्र सिंह व उसकी पत्नी मनजीत कौर निवासी ढाणी गोबिंद नगर, नजदीक झाड़ साहिब गुरूद्वारा जोकि अब उधम सिंह कालोनी, रतिया चुंगी पर किराये के मकान में रहते हैं। सुखजिन्द्र व मनजीत कौर दोनों अफीम बेचने का काम करते हैं। सुखजिन्द्र अफीम बेचने के लिए बाहर गया हुआ है जबकि उसके घर पर और भी अफीम रखी हुई है जिसे उसकी पत्नी मनजीत कौर किसी को बेचने वाली है।

इसके बाद पुलिस टीम जब उधम सिंह कालोनी में बताए गए मकान में पहुंची और सीढिय़ों से ऊपर जाने लगी तो इसी दौरान एक महिला पुलिस को देखकर भागी और कमरे में जाकर एक लिफाफे को छिपाने लगी। इस पर महिला पुलिस कर्मचारी ने उक्त महिला को काबू कर लिया। महिला ने अपना नाम मनजीत कौर बताया।

पुलिस ने जब महिला के पास से बरामद लिफाफे की जांच की तो उसमें से 1 किलो 120 ग्राम अफीम बरामद हुई। प्राथमिक पूछताछ में महिला मनजीत कौर ने बताया कि यह अफीम उसका पति सुखजिन्द्र सिंह कहीं से लेकर आया था। वह और उसका पति दोनों अफीम बेचने का काम करते हैं। आज उसका पति कहीं बाहर गया हुआ है।

Explore our articles