नई दिल्ली : उत्तरी जिले के सराय रोहिल्ला थाना इलाके में चोरों ने पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम मशीन को काटकर कैश चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की सूचना किसी राहगीर द्वारा पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तब तक चोर घटनास्थल से वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे।
सराय रोहिल्ला थाना पुलिस सीसीटीवी वीडियो के आधार पर चोरों के पड़ताल में जुटी है। अभी तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि एटीएम में कैश कितना था, यह बैंक मैनेजर से जानकारी के बाद ही पता चल पाएगा।
डीसीपी सागर सिंह कलसी ने बताया कि घटना आज रविवार सुबह करीब 3:30 बजे की है। कुछ चोरों ने गैस कटर की मदद से सराय रोहिल्ला के शहजादा बाग इलाके गुरुद्वारे के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को काटकर कैश चोरी किया। घटना की सूचना किसी राहगीर द्वारा पीसीआर को दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद सराय रोहिल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की भनक लगते ही चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। लेकिन एटीएम मशीन काटकर कैश चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है ओर चोरों की तलाश भी कर रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि एटीएम मशीन में कैश कितना था, जिसे चोर अपने साथ ले गए। रविवार होने की वजह से आज बैंक बंद है और पुलिस बैंक मैनेजर का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही यह पता चल सकेगा कि एटीएम मशीन में कैश कितना था।


