spot_img

Begusarai: राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कला और संवाद प्रेषण राष्ट्रीय कार्यशाला में शामिल होंगे ऋषिकेश

बेगूसराय:(Begusarai) राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के मानकों और निर्देशों के अनुरूप स्कूलों की शिक्षण प्रक्रिया में कला शिक्षा, अभिव्यक्ति कौशल और संवाद संप्रेषण आदि को समावेशित करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।इसके लिए राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान नई दिल्ली में राष्ट्रीय विद्यालय नेतृत्व केंद्र द्वारा आयोजित चार दिवसीय (चार से सात जुलाई तक) नेशनल वर्कशॉप में बीहट के युवा रंगकर्मी और नाट्य निर्देशक ऋषिकेश कुमार शिरकत करेंगे।

ऋषिकेश छोटे से गांव मल्हीपुर से अपना सफर शुरू करते हुए शहर और राज्य के विभिन्न हिस्सों के स्कूलों में जाकर रंगकर्म को बढ़ावा देने वाले तथा मध्य विद्यालय बीहट में नियमित रूप से बाल रंगमंच के माध्यम से रंगकर्म के लिए निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। अब ऋषिकेश कुमार को उनके योगदान एवं बालकेंद्रित सक्रियता को देखते हुए स्कूलों में कला शिक्षा की महत्वपूर्ण विधा अभिनय कौशल शिक्षण के लिए अनुकूल विकल्पों की तलाश और उपयुक्त शैक्षणिक नेतृत्व हेतु राष्ट्रीय विमर्श को लक्षित इस कार्यशाला के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान नई दिल्ली द्वारा आमंत्रित किया गया है।

बाल रंगमंच आर्ट एंड कल्चरल सोसायटी के सचिव ऋषिकेश कुमार के इस कार्यशाला में भागीदारी को लेकर मध्य विद्यालय बीहट के प्रधानाध्यापक एवं स्कूल लीडरशिप एकेडमी बिहार के कोर ग्रुप मेंबर रंजन कुमार ने बधाई के साथ शुभकामनाएं दिया है।

आज ऋषिकेश को दिल्ली के लिए विदा करने के दौरान उन्होंने बताया कि एन.सी.एस.एल के द्वारा सरकारी स्कूलों में बाल केंद्रित कला शिक्षण के समावेशन के साथ शैक्षणिक नेतृत्व संबधी विचार एवं प्रक्रियाएं उत्पन्न करने तथा उसके दस्तावेजीकरण करने को लेकर आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यशाला में ऋषिकेश और अधिक समृद्ध होंगे।

ऋषिकेश बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे, यह बेगूसराय जिले के लिए गर्व की बात है। किलकारी बाल केंद्र की कार्यक्रम संयोजक अनुपमा सिंह का कहना कि ऋषिकेश 2013 से अबतक दिल्ली, झारखंड, लुधियाना, हिसार, पटना, मधुबनी एवं बेगूसराय के विभिन्न सरकारी व गैरसरकारी विद्यालयों के अलावा कई संस्थानों में पहुंचकर बच्चों को निशुल्क नाट्य प्रशिक्षण दे चुके हैं।

मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय भोपाल से पासआउट एवं टी.आई.ई. राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय नई दिल्ली में अभिनेता और प्रशिक्षक के तौर पर काम कर चुके हैं, इनकी अबतक की समर्पित सक्रियता और उपलब्धियां काफी उत्साहजनक रही हैं। अब यह राष्ट्रीय विद्यालय नेतृत्व केंद्र से जुड़कर विद्यालयों में और बेहतर कार्य कर सकेंगे।

Explore our articles