spot_img

Ujjain : स्ट्रीट डॉग के साथ क्रूरता करने वाले के खिलाफ प्रकरण दर्ज

उज्जैन : स्ट्रीट डाग के कान पकड़कर वीडियो बनाने और उसे लालपुल छोटी रपट से नदी में फेंकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एनजीओ द्वारा नीलगंगा थाने में फाजलपुरा में रहने वाले युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

पुलिस ने बताया कि प्रियांशु जैन पिता प्रशांत जैन 34 वर्ष निवासी वैभव नगर, कनाडिया रोड़, इंदौर की रिपोर्ट पर लोकेश बाथम निवासी फाजलपुरा के खिलाफ 11 पशुओं के प्रति क्रूरता अधिनियम 429 के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रियांशु जैन ने बताया कि 27 जून को सोशल मीडिया पर स्ट्रीट डॉग के कान पकड़कर नदी में फेंकने का वीडियो वायरल हुआ। जिसमें एक युवक लालपुल स्थित छोटी रपट से कुत्ते को नदी में फेंकते दिख रहा था।

उसकी तलाश करने के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। स्ट्रीट डॉग सहित अन्य पशु-पक्षियों पर क्रूरता की स्थिति में केंद्र सरकार द्वारा लागू अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर सजा देने का प्रावधान है।

तीन थानों में भटकना पड़ा

प्रियांशु जैन ने बताया कि जब इस बात की जानकारी लगी कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहे युवक का नाम लोकेश बाथम है और वह फाजलपुरा क्षेत्र का रहने वाला है तो चिमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे। जहां से पता चला कि मामला महाकाल थाना क्षेत्र का है। वहां जाने पर लालपुल छोटी रपट की सीमा नीलगंगा थाना क्षेत्र की होना पता चला। इस कारण उक्त थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

Explore our articles