spot_img

Kolkata : अंगूठी पहन कर कोर्ट में पेश हुए थे पार्थ, जेल अधीक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत

कोलकाता: (Kolkata) पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किए गए पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी अंगूठी पहन कर वर्चुअल जरिए से कोर्ट में पेश हुए थे। इसे लेकर जेल कोड कंडक्ट के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगा था। अब इस मामले में प्रेसीडेंसी जेल अधीक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। खास बात यह है कि जेल अधीक्षक देवाशीष चक्रवर्ती के खिलाफ किसी और ने नहीं बल्कि राज्य सरकार के कारागार विभाग ने कर्तव्य में लापरवाही को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। कारागार विभाग के डीआईजी ने यह लिखित शिकायत दी है जिसके बाद कोलकाता पुलिस के अंतर्गत पड़ने वाले हेस्टिंग्स थाने ने इसे प्राथमिकी में तब्दील करने की प्रक्रिया शुरू की है।

पब्लिक प्रॉसिक्यूटर दीपंकर कुंडू ने बताया कि न्यायालय ने ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था। उसी के मुताबिक कारागार विभाग के डीआईजी ने जेल सुपर के खिलाफ हेस्टिंग्स थाने में लिखित शिकायत की है।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने कोर्ट में पेशी के समय पार्थ चटर्जी अंगूठी पहन कर वर्चुअल जरिए से पेश हुए थे। जेल में रहने के दौरान किसी भी तरह का आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होती है। इससे कैदी खुद को चोट पहुंचा सकता है और उसका किसी भी तरह से गैरकानूनी इस्तेमाल भी हो सकता है। इसलिए ऐसी चीजों पर पाबंदी रहती है।

Explore our articles