जयपुर : भारतीय जनता पार्टी द्वारा जयपुर शहर के मानसरोवर स्थित एक विद्यालय में प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि आपातकाल में बिना कोई कानूनी प्रक्रिया एवं कारण के आरएसएस स्वयंसेवकों को बिना वजह जेल में कई महीनों तक बंद कर दिया गया था। संपूर्ण देश की जनता में आत्मविश्वास खत्म सा होता दिख रहा था। आपातकाल का दिन वो काला अध्याय था जो कभी नहीं मिटने वाला है। आजाद भारत के इतिहास का वह दिन था, जिस दिन भारत के लोकतंत्र की हत्या की गई थी।
गोयल ने कहा कि आपातकाल देश में एक ऐसा दौर था कि मानो देश को वापस किसी ने जकड़ लिया हो। वापस किसी के अधीन हो गया हो। जब इमरजेंसी लागू की गई, उससे कुछ वर्षों पहले ही देश आजाद हुआ था। उस समय में रहे लोगों को निश्चित ही लगने लगा था कि देश वापस अधीन हो गया है। गोयल ने कहा, इसकी पूर्ण रूप से जिम्मेदार कांग्रेस सरकार रही है। देश के एक लाख चालीस हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और राजनीति से जुड़े व्यक्तियों को बिना वजह जेलों में डाल दिया कर यातनाएं दी गई। यह वह दिन थे, जिन्हें हमें कभी भूलना नहीं चाहिए। कहा गया कि जो इतिहास से सबक नहीं सीख सकते, वह कभी सफल नहीं हो सकते।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जिस कांग्रेस ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में सहयोग दिया, वही कांग्रेस आगे चलकर देश की जनता को प्रताड़ित करेगी, ऐसा कभी भारतवर्ष के लोगों ने सोचा भी नहीं था। देश को आजादी के 75 वर्ष होने के बावजूद भी कांग्रेस उन्हीं पदचिन्हों पर चल रही है, जिसको लेकर महात्मा गांधी ने कांग्रेस को आगाह किया था, लेकिन यह कांग्रेस आज भी नहीं सुधरी है और वही कार्य कर रही है, जो देश हित में नहीं है। कांग्रेस को सिर्फ सत्ता का मोह है। कांग्रेस की नीतियां देश की जनता के हित में बिल्कुल भी नहीं है।
गोयल ने कहा कि आपातकाल के दौरान जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी जैसे कई वरिष्ठ नेताओं ने देश की जनता और हित में लाठियां खाईं, जेल गए, लेकिन कांग्रेस की अनीति को स्वीकार नहीं किया। विदेशों में बातें होने लगी थी कि इंदिरा इज इंडिया इंडिया इज इंदिरा। कांग्रेस की सोच कभी जनता को सम्मान देने की रही ही नहीं और आज भी वही स्थिति वही ढर्रे पर चलने वाले कांग्रेस के राहुल गांधी को सजा सुनाई गई। ओबीसी पिछड़ा वर्ग जाति का अपमान किया, लेकिन माफी नहीं मांगने के कारण राहुल को सजा हुई।
केन्द्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि कांग्रेस की सोच एक सामान्य व्यक्ति की सोच नहीं है। वह अपने आपको अलग समझते है। वीवीआईपी से भी ऊपर समझते हैं। आज के परिपेक्ष्य में हम निर्णय लेते हैं तो इतिहास के पन्नों को हमें कभी भूलना नहीं चाहिए। जो इतिहास हमें शिक्षा देता है, सिखाता है, यदि हम उसे नजर अंदाज करें तो उसका भुगतान निश्चित ही हमें भरना होता है। आपातकाल का वो काला दिन बीत गया, गुजर गया, लेकिन कांग्रेस की मानसिकता में कोई परिवर्तन नहीं आया।
उन्होंने कहा कि संघ और जनसंघ के प्रयासों के चलते देश को देश के ही गद्दारों से मुक्त कराया गया। यह जानकारी निश्चित ही देश के हर नागरिकों को होनी चाहिए। कांग्रेस आज भी अपने मूल स्वरूप को हमेशा छिपाने में लगी रहती है, लेकिन कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि यह जनता अब मूर्ख नहीं बनने वाली, अब लोग समझदार हैं और कांग्रेस के झूठे बहकावे में नहीं आने वाले है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले नौ वर्षों में देश को ऊंचाइयों की ओर अग्रसर किया है। ऐसे लीडर ने सिर्फ देश में ही नहीं वरन संपूर्ण विश्व में भारत की विश्वसनीयता को बढाया है।
इस मौके पर राज्य सभा सांसद घनश्याम तिवारी ने कहा, आपातकाल के दाैरान विपक्ष के बड़े-बड़े नेताओं को बिना वजह जेल में डाल नजरबंद कर दिया गया था। ऐसा काला दिवस देश के लिए बहुत ही अपमानजनक रहा।
सांसद राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि हमें इतिहास हमेशा याद रखना चाहिए। कांग्रेस ने भारत के साथ अनीति को अपनाया, जिससे देश के करोड़ों लोगों को जबरदस्त परेशानी का सामना करना पड़ा। हमें उस इमरजेंसी के हालात को आज की जनता के सामने रखना चाहिए, जिससे कांग्रेस का कुरुख जनता के सामने हमेशा रहे। कांग्रेस की विचारधारा हमेशा ही देश को बर्बाद करने की रही है और इनके नेता झूठी मोहब्बत की दुकान लगाने का प्रयास कर रहे हैं।
सांसद रामचरण बोहरा ने कहा कांग्रेस ने देश में आपातकाल लागू किया था, उस समय कांग्रेस का जो स्वरूप था वही स्वरूप कांग्रेस का आज भी देश के प्रति है। कांग्रेस जब-जब सत्ता में रही, तब तक जनता के साथ तानाशाही कर भ्रष्टाचार चरम पर रहा। हमेशा से कांग्रेस हिंदू विरोधी सरकार रही है।


