पटना/मधेपुरा: (Patna/Madhepura) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मधेपुरा लोकसभा प्रभारी पंकज पटेल ने रविवार को पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर के करीबी संजय कुमार भगत को एक कार्यक्रम में गोली मार दी। पुलिस ने आरोपित नेता को लाइसेंसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्यक्रम में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद को भी शामिल होना था।
मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर महा जनसंपर्क अभियान कार्यक्रम के तहत भाजपा की ओर से प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता पंकज कुमार निराला उर्फ पंकज पटेल पहले मंच पर आए। इसी दौरान भाजपा नेता संजय कुमार भगत से पंकज की कहासुनी हो गई। पंकज ने लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली संजय कुमार भगत की कमर में लगी। आनन-फानन में उन्हें मुरलीगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मधेपुरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
संजय भगत को गोली लगने के बाद उनके समर्थक उग्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने भाजपा नेता पंकज पटेल को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान काफी अफरा-तफरी मच गई। बीच-बचाव कर रहे भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक कुमार को भी लोगों ने पीट दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने पंकज को भीड़ से बचाया और थाने ले गए। लोगों ने कार्यक्रम में रखी गईं कुर्सियों को तोड़ दिया। पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। आक्रोशित लोगों ने बाजार बंद कर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
आरोपित नेता पंकज ने कहा कि उन्हें जान से मारने का प्रयास किया जा रहा था। आत्मरक्षा के लिए उन्होंने हवाई फायरिंग की। एसडीपीओ अजय नारायण यादव ने बताया कि संजय कुमार भगत का पंकज कुमार निराला पर रुपये उधार थे। उधारी मांगने पर पंकज कुमार निराला, संजय कुमार भगत के साथ उलझ गए और लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ गोली चलाने लगे, जिसमें एक गोली संजय कुमार भगत के कमर में लगी है। पुलिस आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई कर रही है।


