Medininagar : पुलिस संवेदीकरण पर हुआ कार्यक्रम, साइबर फ्रॉड रोकने के दिए गए टिप्स

0
158

मेदिनीनगर : भारतीय रिजर्व बैंक, रांची के तत्वावधान में शहर के एक होटल में पुलिस अधिकारियों के संवेदीकरण के लिए गुरूवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मुख्य तौर पर जिले के पुलिस अधिकारियों को गैर निगमित इकाइयों द्वारा अनाधिकृत डिपॉजिट्स के मामले, वित्तीय धोखाधड़ी एवं उनकी कार्यविधि एवं उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम में खासतौर पर झारखंड प्रोटेक्शन ऑफ डिपॉजिटर्स एक्ट 2011, झारखंड प्रोटेक्शन रूल्स 2015 एवं बीयूडीएस एक्ट 2019 पर चर्चा की गई एवं इससे संबंधित जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक के शिकायत निवारण तंत्र यथा एकीकृत लोकपाल एवं सचेत पोर्टल के बारे में भी बताया गया।

कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक से महाप्रबंधक (प्रभारी अधिकारी) संजीव सिन्हा, उप महाप्रबंधक समीम अंसारी, सहायक महाप्रबंधक अरविंद एक्का एवं सहायक प्रबंधक कुमुद कुमार ने हिस्सा लिया। पुलिस अधिकारियों की तरफ से एसपी चन्दन कुमार सिन्हा, पुलिस उपाधीक्षक सुरजीत कुमार एवं 40 थाना के प्रभारियों ने भाग लिया।