मुरैना : धौलपुर से मुरैना की ओर अल्टो कार से लौट रहे बौद्ध संतों को सोमवार-मंगलवार की देर रात पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे दो भंतों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रैफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार मुरैना शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाइवे-44 पर स्थित गंगापुर हनुमान मंदिर के पास बीती रात तेज रफ्तार में जा रहे ट्रक चालक ने सडक पर खडी एक कार में पीछे से टक्कर मार दी, टक्कर लगने से कार में बैठे तीन संत गंभीर घायल हो गए। सूचना पाकर डायल 100 मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया। जिला अस्पताल पहुँचते ही ड्यूटी पर उपस्थित डॉक्टर ने तीनों की जांच की और दो भंतों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार करने के बाद ग्वालियर रैफर कर दिया।
हादसे की सूचना पाकर परिचित जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतकों की पहचान भंते ज्योति उम्र 65 साल निवासी बुद्ध बिहार चोरपुरा मुरैना और भंते श्रद्धातिस उम्र 50 साल पुष्प बिहार सुरेश नगर ग्वालियर के रूप में की है। वहीं गंभीर घायल भंते सुभद्र महाथेरो उम्र 62 साल निवासी लभनपुरा भिंड को ग्वालियर रैफर किया गया।
उधर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर ट्रक चालक की तलाश कर रही है, वहीं मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराने के पश्चात उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए। बताया जाता है कि उक्त संत धौलपुर में सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए हुए थे और देर रात्रि को धौलपुर से लौट रहे थे। घायल ने बताया कि उनकी कार अल्टो क्रमांक एमपी 07 ई 3953 चलते हुए अचानक हाईवे पर रुक गई और तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी तथा यह घटना घटित हो गई।


