मुरैना : जिले के अंबाह थाना अंतर्गत भत्तपुरा गांव में ईट भट्टे पर मजदूरी करने आए मजदूर के पुत्र एवं पुत्री मंगलवार को भट्टे पर बने एक गड्ढे में गिर पड़े और ढाई फुट भरे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम कराने के बाद लाश उनके परिजनों को सौंप दी तथा मर्ग कायम कर मामले की विवेचना आरंभ कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केदार जाटव निवासी आगरा उत्तर प्रदेश अपने परिवार के साथ भत्तपुरा गांव स्थित ईट भट्टे पर मजदूरी करने आया हुआ था और मंगलवार को भी प्रतिदिन की तरह काम कर रहा था। इसी बीच उसके पुत्र निशांत 12 वर्ष एवं परी 10 वर्ष अचानक खेलते हुए ईंट भट्टे के पास खुदे एक गड्ढे में गिर पड़े तथा ढाई फुट पानी में डूबने से उनकी थोड़ी देर में मौत हो गई। जिस दौरान घटना घटित हुई उस समय बारिश हो रही थी और किसी को उनका पता भी नहीं चला। काफी देर बाद जब मजदूर बच्चों की तलाश की तो दोनों के शव पानी में तैरते मिले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा बच्चों के शव निकालकर पोस्ट मार्टम हेतु पहुंचाया। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की विवेचना की जा रही है।


