जैसलमेर : जैसलमेर जिला कलेक्टर टीना डाबी ने मंगलवार को तीन पाक विस्थापितों को भारत की नागरिकता प्रदान की। भारत की नागरिकता प्राप्त कर सभी के चेहरे खिल गये। उन्होंने जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया साथ ही प्रमाण पत्र प्राप्त होने की खुशी जाहिर की।
जिला कलेक्टर डाबी ने सभी को बधाई दी और कहा कि जिला प्रशासन सदैव उनके हितार्थ कार्य करने के लिए तत्पर है। भारत की नागरिकता मिलने से अब उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा पाक विस्थापितों की मदद के हरसंभव प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने इस दिन को यादगार बताते हुए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न स्तर पर की जा रही मदद के बारे में भी जानकारी दी। वहीं जिला कलेक्टर द्वारा नागरिकता प्रमाण प्राप्त करने पर पाक विस्थापितों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने जिला प्रशासन का धन्यवाद देते हुए कहा कि ये उनके लिए बिल्कुल नये जन्म जैसा है भारत की नागरिकता मिलने से अब वे सुकून की सांस ले पाएंगे साथ ही समय समय पर सरकार द्वारा दी जा रही योजनाओं का लाभ भी प्राप्त कर पाएंगे। इस अवसर पर सीमांत लोक संगठन राजस्थान के अध्यक्ष हिन्दू सिंह सोढा ने प्रशासन का आभार जताते हुए आशा जताई कि कि प्रशासन उन्हें नागरिकता मिलने के बाद सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जल्दी ही मुहैया करवाएगी।


