कूचबिहार: (Coochbehar) दिनहाटा के गीतलदाहा अटियाबाड़ी गांव में एक तृणमूल कार्यकर्ता पर कथित रूप से धारदार हथियार से हमला करने का आरोप भाजपा समर्थकों पर लगा है। घटना में घायल विनय बर्मन का फिलहाल कूचबिहार एमजेएन मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार देर रात तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार शर्मिष्ठा बर्मन सरकार अपने पति और ब्लाक तृणमूल युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष देबाशीष बर्मन और कुछ अन्य समर्थकों के साथ प्रचार करने के बाद घर लौट रही थी। आरोप है कि उसी समय भाजपा के समर्थकों ने देबाशीष समझकर विनय बर्मन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद खून से लथपथ विनय बर्मन को दिनहाटा महकमा अस्पताल लाया गया। बाद में वहां से उसे एमजेएन मेडिकल रेफर कर दिया गया।
घटना से एक बार फिर जिले का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। पंचायत चुनाव प्रत्याशी के पति देवाशीष बर्मन ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित बदमाशों ने हमले को अंजाम दिया है। हालांकि, भाजपा नेता अजय राय ने दावा किया कि यह घटना तृणमूल की आपसी रंजिश का नतीजा है। दिनहाटा थाने की पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।


