spot_img

Medininagar : प्रिंटर से छापकर आर्केस्टा में उड़ाए नकली नोट

थाना पहुंचा मामला तो पुलिस ढूंढने लगी छापने वाली मशीन

मेदिनीनगर : पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के लोहरसी में आर्केस्टा के दौरान कुछ युवकों की ओर से प्रिंटर से नकली नोट छापकर उड़ाने का मामला सामने आया है। सूचना के बाद पुलिस की कार्रवाई में कई नकली नोट बरामद हुए हैं। हालांकि सिर्फ आर्केस्टा के दौरान ही नोट का इस्तेमाल करने के कारण पुलिस ने युवकों पर कार्रवाई नहीं की है। पिपराटांड़ के थाना प्रभारी हीरालाल शाह ने शनिवार को इसकी पुष्टि की है।

बताया जाता है कि लोहरसी के चार पांच युवकों ने स्थानीय आर्केस्टा पार्टी को बुलाया था और बंद कमरे में सभी ने नाच गाना का आनंद लिया। इस दौरान नोट भी उड़ाए गए। कार्यक्रम समाप्ति के बाद आर्केस्टा पार्टी ने जब नोटों का मिलान किया तो उसमें सौ रूपए के कई नकली नोट मिले। आर्केस्टा पार्टी की ओर से इस संबंध में पिपराटांड़ थाना में शिकायत की गयी।

शिकायत के आलोक में पिपराटांड़ पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। शुरूआत में पुलिस को लगा कि कुछ युवक नोट छापने की मशीन का इस्तेमाल किए हैं। इसी सूचना पर पुलिस तत्काल रेस हुई, लेकिन जांच के दौरान सामने आया कि कलर प्रिंटर के माध्यम से युवकों ने 100 रूपए के नोट प्रिंट कर उसे उड़ाया था। थाने में युवकों को लाने के बाद उन्होंने जमकर फटकार लगाई गई और इस तरह की गतिविधि में शामिल रहने पर कार्रवाई की बात कही है। थाना प्रभारी ने कहा कि इस संबंध में किसी तरह का मामला दर्ज नहीं किया गया है।

Explore our articles