धर्मशाला : हिमाचल की दूसरी राजधानी धर्मशाला में नाबार्ड के जरिए सड़कों के अच्छे दिन आ गए हैं। धर्मशाला से विधायक एवं कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने अपने इस कार्यकाल में राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) से आधा दर्जन सड़कों एवं पुलों को करोड़ों रुपए मंजूर करवा लिए हैं। सुधीर शर्मा ने शनिवार को यहां जारी बयान में यह खुलासा किया है। बजट मिलने के बाद अब तेजी से इन सड़कों का काम शुरू हो जाएगा। इन सड़कों के बनने से धर्मशाला हलके में पर्यटन को नए पंख लगने जा रहे हैं। मंजूर बजट की बात करें, तो मैकलोड़गंज से भागसूनाग, टऊ, चोला बनगोटू सड़क को 638 करोड़ का बजट मंजूर हुआ है। इसमें चरान खड्ड पर पुल भी प्रस्तावित है। इस सड़क की लंबाई 2.27 किलोमीटर होगी। धर्मशाला की जनता लंबे समय से इसका इंतजार कर रही थी।
नाबार्ड के पैसे से बनने वाली दूसरी सड़क हीरू दुशालन से गमरू चोला है। इसके लिए 551 लाख रुपए से ज्यादा का बजट मंजूर हुआ है। इस 2.60 किलोमीटर लंबे मार्ग का संवर्धन होगा। इसमें भी चरान खड्ड पर पुल बनेगा। तीसरा बड़ा बजट ग्राम पंचायत कंड करडियाणा का है। इसमें वार्ड चार व पांच के लिए 2.11 किलोमीटर सडक का निर्माण होगा। इस सड़क के लिए 231 लाख रुपए मंजूर हुए हैं।
सुधीर शर्मा ने बताया कि इससे हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी। सुधीर शर्मा ने बताया कि पंचायत बाहल के लिए 3.4 किलोमीटर लंबी सड़क बनेगी। इस लिंक रोड पर 953 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके लिए भी नाबार्ड से बजट मंजूर हो चुका है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के लिए अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। इन पर तेजी से काम शरू हो जाएगा।
नड्डी से धर्मकोट का सफर होगा सुहाना
सुधीर शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नड्डी और धर्मकोट के लिए बेहतर सड़क उनका सपना रहा है। इन दोनों क्षेत्रों में दुनिया भर से सैलानी आते हैं। धर्मकोट से नड्डी के लिए बनने वाली सड़क के लिए नाबार्ड से 360 लाख से ज्यादा की रकम मंजूर हुई है। इस सड़क की लंबाई 2.46 किलोमीटर होगी। इस सड़क को उच्च मानदंडों पर बनाया जाएगा।
पर्यटन को मिलेगी रफतार
सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में कई पर्यटक स्थलों के लिए सड़क की दिक्कत रही है। अब इन मार्गों के बनने से दुनिया भर के सैलानी देश-विदेश में धर्मशाला को लेकर अच्छा संदेश लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरे प्रदेश का समग्र विकास कर रही है।


